RAG न्यूज , इरोड (तमिलनाडु)
तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में नदी में आई बाढ़ भी युवती का हौसला नहीं डिगा पाई और युवती उफनती नदी पार कर अपने विवाह स्थल पर पहुंची। थेनगुमारहदा गांव में रहने वाली रसाथी की शादी सोमवार को होनी है।
मोयार नदी में आई बाढ़ की वजह से विवाह स्थल पर पहुंचना मुश्किल था। इसके बावजूद रसाथी और उसके परिवार ने हिम्मत नहीं हारी और बांस और ईख से बनी गोलाकार नाव के सहारे उफनती नदी को पार किया और विवाह स्थल पर पहुंचे।
थेनगुमारहदा गांव सैथीमंगलम टाइगर रिजर्व के पास बसा हुआ पर्वतीय गांव है। यहां मोयार नदी बहती है जिस पर पुल नहीं बना है। जिसकी वजह से बारिश के दिनों में यहां पहुंचना या यहां से कहीं जाना बहुत मुश्किल भरा काम होता है। हालांकि बाढ़ के दौरान बांस से बनी गोलाकार नाव का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। लेकिन रसाथी और उसके परिवार ने वन अधिकारियों से इसकी विशेष अनुमति ली।
हालांकि रसाथी और उसके परिवार द्वारा उठाए गए जोखिम पर राज्य के राजस्व मंत्री आरबी उदय कुमार ने कहा, ‘ यह जोखिम भरा है। लोगों को ऐसा करने से बचना चाहिए।’ उन्होंने लोगों से उफनती नदियों के किनारे नहीं जाने की अपील की।