RGA न्यूज़
ताजमहल पर सुबह नौ बजे से ही चिलचिलाती धूप में परेशान पर्यटक।
आगरा में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान में दर्ज हुई वृद्धि। 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा। अधिकतम तापमान रहेगा 38 डिग्री सेल्सियस के करीब। सुबह से निकली है तेज धूप और उमस में भी नहीं आई है कमी। दोपहर में बादल छाने की संभावना।
आगरा, जैसे इंद्रदेव की अदालत में आगरावासियों की अर्जी लगी हो और मानसून को लेकर सुनवाई चल रही है। फैसला आने को लेकर तारीख पर तारीख मिल रही है। मौसम विभाग की भविष्यवाणियां भी आगरा के मामले में फेल हो रही हैं। तीन जुलाई से अब तक बारिश होने की तारीख हर दिन बढ़ रही है। इधर बारिश के इंतजार में उमस बेचैन किए दे रही है। सुबह से लेकर रात तक लोग पसीना बहाकर परेशान हो चुके हैं।
आगरा में गर्मी और उमस कम नहीं हो रही है, बादल छा रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हुई है। मंगलवार को भी सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा चल रही है, गर्मी से बुरा हाल है। सुबह का तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। नौ बजे के बाद धूप तेज हो गई है। दोपहर में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। सुबह से ही गर्म हवा चल रही है और धूप में निकलना मुश्किल हो गया है। धूप में शरीर जल रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य 26 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आठ जुलाई से हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को भी गर्मी रहेगी और तापमान में गिरावट नहीं आएगी। गुरुवार से बारिश हो सकती है, तापमान में गिरावट आने लगेगी, नौ और 10 जुलाई को भी बारिश की संभावना है।
उमस के मौसम में ये करें
- नीबू पानी, छाछ, पना और पेय पदार्थ का सेवन अधिक करें।
- चाय काफी कम लें।
- धूप में निकलने से बचें, सूती कपडे़ पहनें।
- धूप में जाने से 30 मिनट पहले सन स्क्रीन लोशन लगा लें।