मुजफ्फरनगर में सपा जिला उपाध्यक्ष अजित सिंह निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने पर कार्रवाई

harshita's picture

RGA न्यूज़

पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर 6 वर्ष के लिए किया गया निष्कासन।

मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने सपा के जिला उपाध्यक्ष अजित सिंह उर्फ बबलू को जिला पंचायत चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सपा से छह वर्षो के लिए निष्कासित कर दिया है।

मुजफ्फरनगर, मुजफ्फरनगर जिले के बुढाना ब्लाक के निवर्तमान क्षेत्र पंचायत प्रमुख अजित सिंह उर्फ बबलू के भाजपा में शामिल होने के कुछ देर बाद ही सपा ने उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने बबलू के पार्टी से निष्कासन का पत्र जारी करते हुए बताया कि वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे। कहा कि यदि अन्य कोई भी पदाधिकारी पार्टी विरोधी गतिविधि में लिप्त पाया जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनाव घोषित होते ही सियासी दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। हाल में ही भाजपा ने जनपद के सभी ब्लाक में प्रमुखी चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की थी। महिला के लिए आरक्षित बुढाना ब्लाक से सूर्यकांत त्यागी के परिवार की किसी महिला को प्रमुखी चुनाव लड़ाए जाने की बात कही जा रही थी।

इसी दौरान निवर्तमान ब्लाक प्रमुख रहे अजित सिंह उर्फ बबलू ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की तो सियासी हलकों में उनके परिवार की किसी बीडीसी सदस्य महिला को चुनाव लड़ाए जाने की चर्चा तेज हुई। जैसे ही यह जानकारी सपा खेमें में पहुंची तो सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने अजित सिहं उर्फ बबलू पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में हिस्सा लेने का आरोप लगाते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए संगठन से निष्कासित कर दिया।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.