![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/07_07_2021-37114ee4-907d-4ef3-89c3-c49bbc34f586_21807551.jpg)
RGA न्यूज़
बरेली में 40 लाख रुपये और डेढ़ किलो स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
40 लाख रुपये और डेढ़ किलो स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किये गए। दोनों तस्करों को तब पकड़ा जब वह स्मैक तस्करी के लिए जा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपितों के घर में दबिश दी गई तो 40 लाख रुपये बरामद हुए।
बरेली, 40 लाख रुपये और डेढ़ किलो स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किये गए। दोनों तस्करों को तब पकड़ा गया जब वह स्मैक तस्करी के लिए जा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपितों के घर में दबिश दी गई तो घर से 40 लाख रुपये बरामद हुआ। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। फतेहगंज पश्चिमी कस्बा की रहने वाली महिला तस्कर हफीजन तस्करों की मुखिया है। दबिश की सूचना मिलते ही वह फरार हो गई।
पकड़े गए दोनों तस्कर राजू और मुन्ना सगे भाई हैं। दोनों बिथरी चैनपुर के पदारथपुर के रहने वाले हैं। लंबे समय से दोनों तस्करी के काम में जुटे हुए थे। मंगलवार देरशाम पुलिस को सूचना मिली कि राजू और मुन्ना स्मैक तस्करी के लिए निकले हैं। सीओ साद मियां ने तत्काल टीम का गठन किया। चौकी इंचार्ज श्यामगंज अजय शुक्ला को फोर्स के साथ चौराहे पर चेकिंग के निर्देश दिए। राजू और मुन्ना सैटेलाइट की तरफ से अपनी बाइक से आ रहे थे।
पुलिस को देखते ही दोनों ने बाइक वापस मोड़ ली और भागने लगे। गाड़ी अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। लिहाजा, दोनों को भागने का मौका भी नहीं मिला और दोनों गिरफ्तार कर लिये गए। बाइक जब्त किये जाने के साथ दोनों के पास से डेढ़ किला स्मैक बरामद की गई। पूछताछ के बाद जब टीम ने बिथरी चैनपुर स्थित पदारथपुर में उसके घर में दबिश दी तो घर से 40 लाख रुपये, तीन इलेक्ट्रानिक कांटे भी बरामद किये गए।
दोनों ने फतहेगंज पश्चिमी कस्बा निवासी महिला तस्कर हफीजन के लिए काम करने की बात कबूली। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी।