![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/01_07_2021-congress_21788883_122642635_1.jpg)
RGA न्यूज़
कांग्रेस संगठन में हुए हालिया बदलाव से पार्टी में भूचाल आ गया है।
जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद से हटाए गए चौ. सुरेंद्र सिंह व परवेज अहमद ने पार्टी में गुटबाजी पैदा करने व अनुशासनहीनता के लिए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पूर्व विधायक विवेक बंसल को ही हटाने की मांग कर दी है
अलीगढ़, कांग्रेस संगठन में हुए हालिया बदलाव से पार्टी में भूचाल आ गया है। नेताओं ने एक-दूसरे की टांग खींचनी शुरू कर दी है। जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद से हटाए गए चौ. सुरेंद्र सिंह व परवेज अहमद ने पार्टी में गुटबाजी पैदा करने व अनुशासनहीनता के लिए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पूर्व विधायक विवेक बंसल को ही हटाने की मांग कर दी है। यह भी दावा किया कि बरेली में हुए प्रशिक्षण शिविर में 11 ब्लाक अध्यक्षों ने अनुपस्थित रहकर अपना विरोध प्रकट किया है। यदि हाईकमान ने निर्णय नहीं बदला तो पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे।
पार्टी को मजबूत बनाने का प्रयास
राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे पत्र में चौ. सुरेंद्र सिंह व परवेज अहमद ने कहा कि आगामी चुनाव के मद्देनजर पार्टी को मजबूत बनाने का पूर्ण प्रयास हो रहा है। जुझारू प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने अभी से खुद को कोल विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इंटरनेट मीडिया पर भी पोस्ट डाली जा रही हैं। जबकि, वे पांच बार चुनाव हार चुके हैं। उनका कृत्य अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इससे आम कार्यकर्ताअों में गुस्सा है। हैरानी की बात ये है कि चौ. सुरेंद्र सिंह व परवेज अहमद ने बतौर जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष ने बंसल को निष्कासित करने की संस्तुति करने का दावा किया है। बरेली में प्रशिक्षण शिविर में जनपद के 12 ब्लाक अध्यक्षों में से मात्र एक ही पहुंचा। 11 ने जिला व महानगर अध्यक्ष को गलत तरीके से हटाने का विरोध किया है।
इनका कहना है
चुनाव लड़ने का इच्छुक कोई भी व्यक्ति किसी भी विधानसभा क्षेत्र में तैयारी करने के लिए स्वतंत्र है। मैं भी कर रहा हूं। पार्टी के और लोग भी कर सकते हैं। रही बात नए जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति की तो यह हाईकमान का फैसला है, जिसका विरोध करना ही अनुशासनहीनता है।
- विवेक बंसल, प्रभारी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस।
ब्लाक अध्यक्षों के विरोध स्वरूप बरेली न पहुंचने की बात गलत है। प्रशिक्षण शिविर के लिए सभी ब्लाक अध्यक्षों से संपर्क किया गया। चार ब्लाक अध्यक्षों ने स्वयं या परिवार में बीमारी के चलते आने असमर्थता प्रकट की। पांच ब्लाक अध्यक्ष फर्जी पाए गए। शेष दो ब्लाक अध्यक्ष हमारे साथ आए हैं।