

RGA न्यूज़
खगड़िया पहुंचे चिराग पासवान, कार्यकर्ताओं ने किया जमकर स्वागत
आशीर्वाद यात्रा के तहत जमुई से लोजपा सांसद चिराग पासवान खगड़िया पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उनके आगमन पर नेता और कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि आम आदमी भी उत्साहित दिखे। पढ़ें पूरी खबर...
खगड़िया। आशीर्वाद यात्रा के क्रम में शुक्रवार की दोपहर जब जमुई सांसद चिराग पासवान ने पटना, बेगूसराय होते हुए खगड़िया की सीमा में प्रवेश किया, तो उनके स्वागत में भीड़ उमड़ पड़ी। इस भीड़ में सिर्फ लोजपा कार्यकर्ता-नेता ही नहीं शामिल थे, बल्कि आम शहरी और ग्रामीण भी उत्साह के संग मौजूद थे।
बेगूसराय-खगड़िया की सीमा सैनिक होटल के सामने चिराग के 'हनुमान' शम्मी पासवान समर्थकों के संग मौजूद थे। मालूम हो कि शम्मी पासवान अपने को चिराग का हनुमान कहते हैं। वे चिराग के चाचा और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के ससुराल परमानंदपुर के रहने वाले हैं। शम्मी ने साफ-साफ कहा, 'चिराग के साथ नाइंसाफी हुई है। हमलोग चिराग के साथ हैं।'
यहां चिराग के स्वागत में लोजपा (चिराग गुट) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रेणु कुशवाहा, विजय कुमार सिंह, युवा नेता राकेश कुमार सिंह, रामप्रीत गुप्ता आदि मौजूद थे। बीच में रह-रहकर बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट, देखो, देखो कौन आया, शेर आया, के नारे से आकाश गुंजायमान होता रहा। यहां स्वागत में उमड़ी भीड़ ने कई बातों का संकेत दे दिया। स्मृतिशेष देश के दिग्गज दलित नेता रामविलास पासवान की जगह कौन लेगा, इसकी पटकथा खगड़िया के बूढ़ी गंडक किनारे लिख दी गई।
यहां से आगे बढ़ने के बाद कुम्हरचक्की में भी चिराग का भव्य स्वागत किया गया। यहां के हनुमान मंदिर में चिराग ने पूजा भी की। यहां से आगे बढऩे पर होटल शकुंतला के सामने एनएच-31 पर जिला ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज यादव के नेतृत्व में गाजे-बाजे के संग चिराग का स्वागत किया गया। फिर यहां से आगे बढ़ने पर डॉ. रामनाथ अघोरी पार्क में चिराग ने प्रसिद्ध समाजवादी नेता राम बहादुर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
फिर बलुआही के बापू पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। इससे आगे शहर की हृदय स्थली राजेंद्र चौक पहुंचे। यहां देशरत्न डा. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। हर जगह, हर सड़क, हर गली में चिराग का भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद चिराग ने प्रेसवार्ता की है। इस प्रेसवार्ता के बाद चिराग अपने पिता के पैतृक आवास शहरबन्नी का रुख करेंगे।