![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/21_08_2021-auto_driver_1_21947343.jpg)
RGA न्यूज़
आटो में टक्कर मारने पर टेढ़ी बगिया तिराहे पर मैक्स पिकअप के सामने खड़ा हो गया था आटो चालक। न रुकने पर बोनट पर लटक गया खंदौली तक दबंग चालक ने नहीं रोकी गाड़ी। यमुना एक्सप्रेस वे के खंदौली कट तक ले गए बोनट पर लटकाकर।
पीडि़त ऑटो चालक, जिसे मैक्स पिकअप सवार गाड़ी पर लटकाकर ले गए।
आगरा, आगरा में शुक्रवार रात को दबंग मैक्स चालक ने दुस्साहस दिखाया। आटो में टक्कर मारने के बाद आटो चालक को आठ किमी तक बोनट पर लटकाकर ले गया। वह चीखता रहा, लेकिन मैक्स पिकअप चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। किसी तरह आटो चालक ने बोनट से सड़क पर कूदकर जान बचाई। शनिवार सुबह उसने पुलिस चौकी आकर पुलिस को जानकारी दी पुलिस भी हैरान रह गई। उसकी बात की पुष्टि के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक करेगी। उधर, रात को ही पुलिस ने वाहन शक के आधार पर पकड़ा था। मगर, आटो चालक ने उस वाहन से टक्कर होने की बात से इन्कार कर दिया है।
एत्माद्दौला के कालिंदी विहार निवासी धर्मेंद्र सिंह शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे सिकंदरा की ओर से आटो लेकर रामबाग चौराहा आया था। उसके आटो में एक सवारी भी बैठी थी। उसने जैसे ही आटो रामबाग चौराहा से टेढ़ी बगिया की ओर मोड़ा, पीछे से मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। इसके बाद मैक्स पिकअप लेकर चालक भागने लगा। धर्मेंद्र ने आटो से पीछा किया। इसके बाद टेढ़ी बगिया तिराहा पर पहले पहुंच गया। वहां उसने मैक्स पिकअप रोकने के लिए आटो सामने खड़ा कर दिया। चालक मैक्स पिकअप को रोकने के बाद साइड से मोड़कर निकालने लगा। धर्मेंद्र उसके सामने खड़ा हो गया, लेकिन उसने गाड़ी नहीं रोकी। धर्मेंद्र मैक्स पिकअप के बोनट पर चढ़ गया और उसने बाइपर पकड़ लिए। उसने गाड़ी रोकने को कहा। मगर, चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। धर्मेंद्र चीखता रहा और मैक्स पिकअप चालक जान से मारने की धमकी देता रहा। उसमें चालक के अलावा एक और युवक भी सवार था। कई लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। खंदौली से पहले कैलाश स्मारक इंटर कालेज के पास धर्मेंद्र गाड़ी के बोनट से नीचे कूद गया। उधर, किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दे दी। खंदौली चौराहा पर पुलिस ने बैरियर लगाकर शक के आधार पर एक गाड़ी को रोक लिया। उसमें भी चालक समेत दो लोग थे। खंदौली पुलिस ने देर रात दोनों युवकों को एत्माद्दौला थाना पुलिस को रोक दिया। वे घटना से इन्कार कर रहे है
आटो चालक ने बताया कि उसके पास मोबाइल नहीं है। वह रात में पैदल चलकर पहले टेढ़ी बगिया तक आया। यहां आटो नहीं मिला तो पैदल ही रामबाग चौराहा तक पहुंचा। मगर, पुलिस को काल नहीं की। पिता की डांट के डर से वह रातभर रोड पर घूमता रहा। सुबह सात बजे वह टेढ़ी बगिया पुलिस बूथ पर पहुंचा। वहां पुलिसकर्मियों ने बताया कि उसका आटो फाउंड्री नगर चौकी पर खड़ा है। तब वह फाउंड्री नगर चौकी पहुंचा। शक के आधार पर पुलिस द्वारा पकड़ी गई गाड़ी को देखकर उसने बताया कि रात को उसे बोनट पर लटकाकर ले जाने वाली वह गाड़ी नहीं है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक करके गाड़ी के बारे में जानकारी कर रही है।