डेंगू और कोराना की तीसरी लहर का डर, इम्युनिटी और प्लेटलेट्स बढ़ाने को बढ़ गई किवी की डिमांड

harshita's picture

RGA न्यूज़

आगरा की थोक फल मंडी में एक हजार से 1100 क्रेट प्रतिदिन की हो रही किवी की आवक। किवी प्लेटलेट्स बढ़ाने में सहयोगी होती है तो इसमें विटामिन-सी प्रचुर मात्रा में होता है। गुणों की खान होने के कारण किवी की मांग बढ़ी है।

आगरा में इस समय कीवी की मांग बढ़ गई है।

आगरा, कोरोना संक्रमण भले ही थमा हो, लेकिन तीसरी लहर की आशंका को लेकर लोग खान-पान पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इम्युनिटी बढ़ाने के संसाधन भी तलाशे जा रहे हैं। इसके लिए विटामिन सी के अच्छे स्रोतों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे प्लेटलेट्स घट जाती हैं। किवी प्लेटलेट्स बढ़ाने में सहयोगी होती है, तो इसमें विटामिन-सी प्रचुर मात्रा में होता है। गुणों की खान होने के कारण किवी की मांग बढ़ी है। इसके फुटकर दामों में भी इजाफा हुआ है।

आगरा की सिकंदरा फल मंडी में किवी दिल्ली और मुंबई से आती है। इस समय मुंबई से आवक हो रही है। दो प्रकार की किवी आ रही है। एक को इटली की कहते हैं, जो 30 पीस की क्रेट में आती हैं। वहीं दूसरी न्यूजीलेंड की कहलाती हैं, जो 24 पीस की क्रेट होती है। इटली वाली किवी की प्रतिदिन आवक एक हजार से 1100 क्रेट तक हो रही है। वहीं न्यूजीलेंड वाली किवी की आवक कम हो रही हैं। इसकी 40 से 60 क्रेट प्रतिदिन आ रही हैं। थोक विक्रेता कपिल ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में किवी के थोक दाम एक हजार रुपये प्रति क्रेट से ऊपर चले गए थे। पिछले दिनों आवक कम थी, लेकिन अब आवक बढ़ गई है। इस समय डेंगू प्रभावित क्षेत्र में ज्यादा मांग है।

फीरोजाबाद जा रही 300 से 400 क्रेट प्रतिदिन

फीरोजाबाद में इन दिनों डेंगू का प्रकोप काफी है। इस कारण वहां किवी की मांग बढ़ी है। थोक विक्रेता गजेंद्र सिसौदिया ने बताया कि फीरोजाबाद प्रतिदिन 300 से 400 क्रेट जा रही है। वहीं 800 क्रेट आगरा और आस-पास में खपत होती है।

थोक में कम दाम, फुटकर में जमकर मनमानी

इटली की किवी सिकंदरा थोक मंडी में 550 रुपये प्रति क्रेट है। वहीं न्यूजीलैंड की क्रेट का दाम 600 रुपये है। वहीं फुटकर बाजार में किवी को कोई निर्धारित रेट नहीं है। विक्रेता मनमाने दाम वसूल रहे हैं। पिछले दिनों 30 से 32 रुपये प्रति पीस बिक रहा था। वहीं अब संजय प्लेस में 40 से 45 रुपये प्रति पीस किवी बिक रही है, तो खंदारी हनुमान चौराहे और कमला नगर में किवी का दाम 50 रुपये प्रति पीस है।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.