![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/03_09_2021-bjp_congress_21986637.jpg)
RGA न्यूज़
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शुरू हो चुकी कवायद। विधायकों का रिपोर्ट कार्ड होगा तैयार। उसी के आधार पर दी जाएगी अगले चुनाव में टिकट। प्रबुद्धजनों से फोन के माध्यम से किया जा रहा संपर्क। भाजयुमो की कमान शशांक शर्मा को सौंपी।
आगरा में भाजपा विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है।
आगरा, मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी भाजपा जहां कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच सीधी पकड़ बनाने में जुटी है, तो अपने संगठन और विधायकों की कार्यशैली, व्यवहार की पड़ताल भी की जा रही है। इसके आधार पर आगामी रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा जिससे भविष्य की निर्णय में सहयोग मिलेगा।
भाजपा नेतृत्व विधानसभा चुनावों में पुन: कमल खिलाना चाहता है। इसके लिए ब्रजक्षेत्र की टीम को कसने और जनता के बीच कैसे पकड़ बनानी है इसकी टिप्स देने के लिए स्वयं पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड़्डा आगरा आए थे। उन्होंने कई बिंदु सुझाए थे और संपर्क, संवाद बढ़ाने और लोगों में विश्वास जगाने की बात कही थी। वहीं नेतृत्व द्वारा ये भी पड़ताल की जा रही है कि जिला, महानगर स्तर पर संगठन पदाधिकारियों की कार्यशैली, व्यवहार क्या है। उनसे जनता, कार्यकर्ता कितना संतुष्ट है। ये ही पड़ताल विधायकों की भी की जा रही है। विधायकों के विषय में विकास कार्यो और उससे संतुष्टि के बारे में भी पूछा जा रहा है। इसके लिए सीधे फोन समाज के प्रबुद्धजनों पर आ रहे हैं। व्यापारियों, शिक्षकों, चिकित्सकों के साथ ही मीडिया से जुड़े लोगों से भी ये सवाल पूछा जा रहा है। वहीं पार्टी के ऐसे दिग्गज जो फिलहाल मुख्यधारा में नहीं है उन पर भी फोन पहुंच रहे हैं। सवाल पूछने वाले स्वयं को नेतृत्व द्वारा निर्धारित टीम बता रहे हैं और लंबी वार्ता कर सब कुछ नोट करने की बात भी कहते हैं। साथ ही बताया जाता है कि हमें संबंधित जिले, महानगर एवं जनप्रतिनिधि की रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करनी है।
युवाओं को साथ लाने, संगठन को मजबूत बनाने का होगा कार्य
भाजयुमो के नव नियुक्त महानगर अध्यक्ष शशांक शर्मा का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। नवीन गल्ला मंडी से जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रजक्षेत्र कार्यालय तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका स्वागत किया। मोर्चा अध्यक्ष का कहना था कि पार्टी से युवाओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए वे पूरी ताकत से जुटेंगे। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्हें सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो के बारे में भी बताया जाएगा। इस दौरान मोर्चा ब्रजक्षेत्र मंत्री गौरव राजावत, अनुपम पंडित, मोंटू तोमर, तरुण गुप्ता, गोविंद कुशवाह, शिवा सोनी, अर्पित सारस्वत, सौरभ राठौर, प्रदीप सिकरवार, नितिन पाराशर, सूरज पांडेय, जीतू प्रजापति आदि मौजूद थे।