प्रयागराज के कांग्रेसियों की आज क्लास लेंगी प्रियंका, विधानसभा चुनाव में जीत पर होगा मंथन

harshita's picture

RGA न्यूज़

सूबे में खोई जमीन तलाश रही कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। इसके लिए जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी ब्लाक अध्यक्ष वार्ड अध्यक्ष न्याय पंचायत अध्यक्ष फ्रंटल संगठनों विभागों प्रकोष्ठ के जिला व शहर प्रमुखों को ट्रेंड किया जायेगा

सूबे में खोई जमीन तलाश रही कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है।

प्रयागराज, कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनाव में जीत के लिए प्रशिक्षण शिविर पराक्रम महाअभियान के तहत जिला शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से लगाया जाएगा। शुक्रवार को गंगापार के फूलपुर में व शनिवार को यमुनापार और शहर में यह प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। शनिवार को मेजा रोड चौराहा स्थित गेस्ट हाउस में और शहर के हाइकोर्ट स्थित निजी गेस्ट हाउस में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर होगा। इसमें प्रशिक्षक कांग्रेसियों को विधानसभा चुनाव जीतने का मंत्र देंगे। राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी भी पदाधिकारियों को वर्चुअल संबोधित कर कांग्रेसियों में जोश भरेंगी। 

विपक्ष के सवालों के जवाब के लिए होंगे प्रशिक्षित

सूबे में खोई जमीन तलाश रही कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। इसके लिए जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, ब्लाक अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, न्याय पंचायत अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठ के जिला व शहर प्रमुखों को ट्रेंड किया जायेगा, ताकि वे विपक्ष के हमलों का जवाब दे सकें। जिला कांग्रेस कार्यालय में तैयारियों को लेकर बैठक की गई। जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी और सुरेश यादव ने बताया कि जन जन को कांग्रेस की रीति नीति से अवगत कराने के लिये कांग्रेसियो को प्रशिक्षित किया जा रहा है। 

इंटरनेट मीडिया पर भी होगी सक्रियता

प्रशिक्षण के विषय बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया के बेहतरीन उपयोग, कांग्रेस की विचारधारा, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सच और किसने बिगाड़ा उत्तर प्रदेश होगा। सभी मुद्दों पर गहन मंथन भी किया जायेगा। पार्टी की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी भी पदाधिकारियों को विधानसभा चुनाव में जीत के मंत्र देंगी। हाईकमान के निर्देश पर चार ट्रेनर आएंगे, जो अलग-अलग मुद्दों पर पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। प्रोजेक्टर के माध्यम से कांग्रेस व महात्मा गांधी के जीवन और आंदोलन को बारीकी से समझाया जाएगा। 

जमीन मजबूत करने की कवायद

बता दें अगले वर्ष उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रस्‍तावित है। इसी के मद़देनजर अपनी जमीन को मजबूत करने में कांग्रेस जुटी है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष नफीस अनवर ने बताया कि पंचायत चुनाव में हालांकि कांग्रेस को हार का सामना करना पडा है। लेकिन ग्रामीण और शहर की आंतरिक इलाको में पार्टी ने अपनी पकड़ मज़बूत की है। कांग्रेस पार्षद दल के नेता सदन मुकुंद तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में भाजपा सरकार की विदाई कराने के लिये मज़बूत सेना तैयार होगी। जिला कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों को इसमें शामिल होने के लिए कहा गया है। शिविर में भाग न लेने वाले कांग्रेसियो पर अनुशासनात्मक कार्यवाही कि जायेगी।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.