ब्रज में डेंगू से बिगड़ रहे हालात, 10 और मौत, बुखार से अब तक 112 लोग तोड़ चुके दम

harshita's picture

RGA न्यूज़

सबसे ज्‍यादा हालात फीरोजाबाद के हैं खराब। यहां सौ शैय्या अस्पताल में 350 बच्चे भर्ती। दिल्ली और आगरा में इलाज कराने गए दो बच्चों की मौत। अस्पताल पहुंचकर आइसीएमआर की टीम ने की जांच। सीएमओ के साथ तीन घंटे तक बैठक।

फीरोजाबाद के अस्‍पताल में हर बेड पर डेंगू के मरीज भर्ती हैं।

आगरा, कोरोना वायरस संक्रमण से कुछ राहत पाई तो डेंगू का कहर शुरू हो गया है। ब्रज के अधिकांश जिलों में इस बुखार का जानलेवा कहर चल रहा है। बीते 10 दिन से बुखार के चलते अब तक ब्रज 112 लोगों की जान जा चुकी है। इसका सबसे ज्‍यादा फीरोजाबाद जिले में देखने को मिल रहा है। यहां शुक्रवार को भी डेंगू से दो मौतें दर्ज हुई हैं। हालांकि ये दोनों ही बच्‍चे, इलाज के लिए दूसरे शहरों में पहुंच चुके थे और उनका निधन वहीं हुआ है। इनके अलावा मथुरा में एक बच्‍चे, हाथरस में एक महिला की मौत हुई है। मैनपुरी और कासगंज में दो-दो मौतें रिपोर्ट हुई हैं। आगरा के अस्‍पताल में भी डेंगू के मरीज भर्ती हैं। फीरोजाबाद में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आइसीएमआर) की टीम जांच में जुटी है।

फीरोजाबाद में दस दिनों से बेकाबू डेंगू के बाद हालात सुधर नहीं पा रहे हैं। शुक्रवार को मौत का आंकड़ा गिरा, लेकिन 12 घंटे में 120 से ज्यादा बुखार से पीड़ित बच्चे अस्पताल में भर्ती कराए गए। शहर की दो बेटियों की आगरा और दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। हालात काबू करने वाले दोपहर पहुंची आइसीएमआर की पांच सदस्यीय टीम मैराथनी बैठक कर हालात का जायजा लेती रही। अब तक मरने वालों की संख्या 69 हो गई है

जिले में 11 अगस्त को डेंगू से पहली मौत हुई थी। 25 अगस्त से हालात तेजी से बिगड़े। शहर के कई मुहल्लों के साथ-साथ गांवों में मौतों का सिलसिला शुरू हो गया। 29 अगस्त तक 39 मौतें होने की जानकारी मिलने पर सीएम योगी शहर का हालात जानने के लिए पहुंचे थे। इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे और गुरुवार तक 67 लोगों की जान चली गई। शुक्रवार को पांच सदस्यीय टीम नेशनल सेंटर फार डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) असिस्टेंट डायरेक्टर डा.तुषार कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम सीएमओ कार्यालय पहुंची और तीन घंटे तक अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर देहात के हालातों और अब की कार्रवाई की जानकारी ली। वहीं सुबह शहर के नगला मिर्जा निवासी 17 वर्षीय रेखा पुत्री रामगोपाल ने आगरा और सत्यनगर निवासी छह वर्षीय खुशी निराला पुत्री कोमल निराला की दिल्ली के सफदरगंज हास्पिटल में मौत हो गई। दोपहर में अपर निदेशक स्वास्थ्य डा.एके सिंह ने आगरा से पहुंचकर शहर के कौशल्यानगर और ककरऊ कोठी में घरों पर जाकर हालात देखे। यहां पर झोलाछापों द्वारा दिए जा रहे स्टेरायड और दर्द निवारक दवाइयों को हटवाया। दोपहर तीन बजे आइसीएमआर की टीम ने सौ शैय्या अस्पताल पहुंचकर प्राचार्या डा.संगीता अनेजा, माइक्रोबायलाजी की विभागाध्यक्ष डा.लेखा तुली और बाल रोग विशेष डा.एलके गुप्ता के साथ बैठक कर बीमारी और उपचार के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल टीम की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। प्राचार्या ने बताया कि भर्ती कराए गए मरीजों का इलाज चल रहा है। अस्पताल में अतिरिक्त बेड का इंतजाम किया गया है। 130 बच्चे भर्ती किए गए, वहीं 71 बच्चों को डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में 350 बच्चों का इलाज चल रहा है। शनिवार तक सौ बेड का नया वार्ड शुरू कर दिया जाएगा।

आज पहुंचेंगे अपर मुख्य सचिव

जिले के नाेडल अधिकारी और वरिष्ठ आइएएस सुधीर एम बोवड़े शुक्रवार रात आएंगे। शुक्रवार सुबह चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने विधायक मनीष असीजा से हालात की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार शनिवार को पहुंचेंगे।

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.