![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/29_09_2021-sp_workers_furious_over_removal_of_hoardings_22065880.jpg)
RGA न्यूज़
समाजवादी पार्टी में कुछ दिन पहले शामिल पूर्व छात्र सभा अध्यक्ष के होर्डिंग हटाए जाने पर सपा कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने निगम की कार्रवाई का विरोध के साथ हंगामा किया। इसके बाद महापौर कार्यालय जाकर उनका घेराव किया।
चौपुला चौराहे से पटेल चौक हटाए गए होर्डिंग का विरोध करते हुए सपाइयों ने महापौर का घेराव किया।
बरेली,समाजवादी पार्टी में कुछ दिन पहले शामिल पूर्व छात्र सभा अध्यक्ष के होर्डिंग हटाए जाने पर सपा कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने निगम की कार्रवाई का विरोध के साथ हंगामा किया। इसके बाद महापौर कार्यालय जाकर उनका घेराव किया। महापौर के निर्देश पर उनके होर्डिंग वापस किए गए। शहर में बिना अनुमति होर्डिंग लगाए जाने की शिकायत पर नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने अधिकारियों को होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए थे।
इस पर सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम प्रवर्तन दल के साथ चौपुला चौराहा पर पहुंची। वहां से पटेल चौक की ओर होर्डिंग हटाना शुरू कर दिया। टीम ने वहां से पटेल चौक और फिर चौकी चौराहा तक होर्डिंग हटा दिए। कई बड़े होर्डिंग जब्त करके टीम नगर निगम ले आई। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयपाल सिंह पटेल ने बताया कि छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व बीते दिनों सपा में शामिल हुए अनुराग सिंह नीटू अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे।
इस पर टीम के साथ उनकी कहासुनी भी हो गई। वहां हंगामा होने लगा। इसके बाद सपा कार्यकर्ता अपने साथियों के साथ नगर निगम पहुंच गए। उन्होंने महापौर डा. उमेश गौतम का घेराव किया। बताया कि निगम की टीम ने सिर्फ उनके होर्डिंग ही हटाए हैं। ऐसा चौथी बार किया गया है। अन्य पार्टियों के बैनर, होर्डिंग नहीं हटाए जा रहे हैं। इसकी शिकायत महापौर से की है। उन्होंने पक्षपात नहीं होने का आश्वासन दिया
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि शहर में बिना अनुमति होर्डिंग लगाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर सहायक नगर आयुक्त के साथ टीम को होर्डिंग हटाने को भेजा गया था। महापौर डा. उमेश गौतम ने बताया कि कोई भी बिना अनुमति के होर्डिंग और बैनर नहीं लगा पाएगा। सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने अपने होर्डिंग वापस मांगे थे। उन्हें चेतावनी देकर लौटाया है। यह अभियान लगातार चलेगा।