लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने पर आगरा कांग्रेस में उबाल, किया प्रदर्शन

harshita's picture

RGA न्यूज़

आगरा में कांग्रेसियों ने मृत किसानों के स्वजनों को एक करोड़ मुआवजा दिए जाने की मांग की। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर एडीएम सिटी डा. प्रभाकांत अवस्थी को साैंपा राज्यपाल को नामित ज्ञापन। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त करने की भी मांग।

प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ आगरा कलक्‍ट्रेट में प्रदर्शन करते कांग्रेसी।

आगरा, लखीमपुर खीरी संघर्ष की आंच ताजनगरी तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियंका गांधी वाड्रा को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने व उनको हिरासत में लेने के विरोध में कांग्रेसी कलक्ट्रेट पहुंच गए और वहां धरना-प्रदर्शन किया। अंत में उन्होंने राज्यपाल को नामित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा। इसमें उन्होंने मृत किसानों के स्वजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लखीमपुर खीरी में रविवार को हुए संघर्ष के बाद पीड़ितों से मुलाकात करने जा रही थी। उन्हें सीतापुर में रोककर हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी सीतापुर पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलने पर आगरा में कांग्रेसी सक्रिय हो उठे। पूर्व कार्यवाहक शहर अध्यक्ष जमालुद्दीन कुरैशी के कलक्ट्रेट के नजदीक स्थित कार्यालय पर एकत्र होने के बाद कांग्रेसी जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अंत में उन्होंने एडीएम सिटी डा. प्रभाकांत अवस्थी को राज्यपाल को नामित ज्ञापन सौंपा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र "टेनी' को बर्खास्त करने, उनके बेटे आशीष मिश्र "मोनू' के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने, घटना की न्यायिक जांच कराने और मृतक किसानों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। मांग नहीं माने जाने पर प्रदेश में सड़कों पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी दी। शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, कांग्रेस के पश्चिमी उप्र व्यापार प्रकोष्ठ के चेयरमैन विनोद बंसल, राम टंडन, नंदलाल भारती, हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी, अश्वनी जैन, आइडी श्रीवास्तव, अदनान कुरैशी, अपूर्व शर्मा आदि मौजूद रहे।

भारत माता की प्रतिमा पर धरना शुरू

युवा कांग्रेस,एनएसयूआई, कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लेने के विरोध में भारत माता की मूर्ति पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।  दीपक शर्मा, तरुण सागर आदि धरने में शामिल हैं।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.