RGA न्यूज़
भाजपा को इस बार विधानसभा चुनाव में अपने गढ़ को बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा इसके लिए प्रभावी रणनीति बनाने में जुटी हुई है। क्योंकि पार्टी किसी भी सूरत में सातों सीटों में से एक सीट भी गंवाना नहीं चाहती है।
प्रदेश में जनता जानती है कि भयमुक्त समाज सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।
अलीगढ़, भाजपा को इस बार विधानसभा चुनाव में अपने गढ़ को बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा इसके लिए प्रभावी रणनीति बनाने में जुटी हुई है। क्योंकि पार्टी किसी भी सूरत में सातों सीटों में से एक सीट भी गंवाना नहीं चाहती है। इसलिए वह पूरे दमदारी के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में है।
भाजपा ने 2017 में जिले की विधानसभा की सातों सीटें जीतकर एक नया इतिहास रचा था। यह भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि थी, क्याेंकि रामलहर में भी भाजपा पूरी सीटें नहीं जीत पाई थी। भाजपा अतरौली, कोल, शहर, इगलास, खैर, बरौली और छर्रा विधानसभा क्षेत्र हैं। अब भाजपा के सामने 2022 की चुनौती है। इसलिए पार्टी रणनीति बनाने में पूरी तरह से जुट गई है। पार्टी पूरे लाव-लश्कर के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर चुकी है। इसमें सातों विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। विस्तारकों को भी कमान दी जाएगी। फिलहाल पार्टी बूथ को मजबूत करने में जुटी हुई है।
यह है भाजपा की रणनीति
जिले के पदाधिकारियों को बूथ सत्यापन के लिए लगाया गया है। जिले में 1800 से अधिक बूथ हैं। प्रत्येक बूथ पर कितने सदस्य हैं, बूथ कमेटी सक्रिय है या नहीं, इन सबके बारे में जानकारी ली जा रही है। इसकी जानकारी प्रदेश कार्यालय से भी ली जाती है। पार्टी कार्यालय से कभी भी किसी को फोन करके जिले के बूथ की स्थिति के बारे में पूछ लिया जाता है। बूथ सत्यापन का काम देख रहे पदाधिकारियों को सटीक जानकारी देनी होती है, यदि तनिक भी चूक की तो पता चल जाता है कि कार्य ठीक प्रकार से नहीं किया गया है। इसके बाद प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के पास रिपोर्ट जाती है। वहीं, विधानसभा प्रभारियों को भी अभी से सक्रिय कर दिया गया है, उन्हें अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र में बैठक, गोष्ठी, संपर्क और संवाद आदि के कार्यक्रम रखने हैं। मंडल इकाई को भी सक्रिय रखना होता है, जिससे कार्यकर्ता चुनावी मूड में धीरे-धीरे रंगने लगे।
Nभयमुक्त समाज देने का भाजपा ने किया दावा
भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह का कहना है कि पार्टी पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ेगी। हमारी पूरी इकाई मजबूत है। बूथ सत्यापान कर लिया गया है, मंडल की बैठकें हो गई हैं, विधानसभा क्षेत्र के अनुसार कार्य समिति भी हो गई है, सिर्फ चुनावी कार्यक्रम आने की घोषणा है। कार्यक्रम आते ही हमारे कार्यकर्ता चुनावी मैदान में कूद जाएंगे। ऋषिपाल सिंह ने कहा कि संगठन की संरचना मजबूत होने से सारे कार्यो का बहुत अच्छे से क्रियान्वयन होता है। प्रदेश में जनता जानती है कि भयमुक्त समाज सिर्फ भाजपा ही दे सकती है। सपा, बसपा और कांग्रेस ने जनता को वोट बैंक की तरह प्रयोग किया है। इसलिए 60 साल से भी अधिक समय हो गए मगर प्रदेश की तरक्की नहीं हुई थी। इन चार सालों में सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को आगे लगे जाने का काम किया है। इतना काम पिछले 60 सालों में भी नहीं हुआ है। इसलिए 2022 का चुनाव भी भाजपा जीतेगी। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि इस बार चुनाव में भी 300 से अधिक सीटें पार हाेंगी।