![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/09_10_2021-rld_rally_22097550.jpg)
RGA न्यूज़
रालोद की न्याय अधिकार यात्रा के समापन पर पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी अकोला नहीं पहुंच सके। जयंत के न आने की खबर मिलते ही जनसभा में आए लोग लौटने लगे। हालांकि स्थानीय नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया लेकिन जनता ने उनमें रुचि नहीं दिखाई।
रालोद की न्याय अधिकार यात्रा के समापन में नहीं आए जयंत चौधरी।
आगरा, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की न्याय अधिकार यात्रा के समापन पर पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी अकोला नहीं पहुंच सके। इससे जनता काफी मायूस हुई। जयंत के न आने की खबर मिलते ही जनसभा में आए लोग लौटने लगे। हालांकि, स्थानीय नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया, लेकिन जनता ने उनमें रुचि नहीं दिखाई।
रालोद की न्याय अधिकार यात्रा शनिवार को अकोला में समाप्त हुई। इस दौरान जनसभा आयोजित की गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत इस जनसभा को संबोधित करने के लिए पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी को आना था। इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया गया था। चौधरी अजित सिंह के निधन के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने जयंत चौधरी की आगरा में यह पहली जनसभा थी। इससे पहले वह कई बार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रैलियां कर चुके हैं, लेकिन तब वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं थे। अकोला के चौधरी चरण सिंह महाविद्यालय परिसर में हुई जनसभा के लिए बड़े जोर-शोर से तैयारियां की गई थीं। जनता भी जयंत चौधरी को अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सुनने के लिए बेताब थी। इसके लिए आस-पास के कई गांवों के लोग भी पहुंच गए थे। ऐन वक्त पर जयंत चौधरी का कार्यक्रम निरस्त हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन आगरी का कहना है कि अस्वस्थ होने की वजह से जयंत चौधरी जनसभा में नहीं आ सके हैं। बीते दिनों नूरपुर में उनकी जनसभा हुई थी। उसके बाद से ही वह अस्वस्थ थे। जनसभा को स्थानीय नेताओं के साथ-साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री सोमपाल शास्त्री ने भी संबोधित किया।