RGA न्यूज़
शमसाबाद के गांव नगला जामुनी की घटना किसान की नहीं थी किसी से रंजिश। लाखन सिंह का शव चारपाई पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। उनके सिर से खून निकल रहा था। किसान के गले पर काला निशान था
शमसाबाद क्षेत्र में बीती रात किसान की हत्या कर दी गई है।
आगरा, शमसाबाद में घर के बाहर सोते किसान की रात में सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। किसान का शव घर के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला। स्वजन किसी से रंजिश होने से इन्कार कर रहे हैं। पुलिस स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
शमसाबाद के नगला जामुनी निवासी 55 वर्षीय किसान लाखन सिंह रविवार रात 11 बजे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर खुले स्थान में चारपाई डालकर सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर में अंदर थे। रात में ही किसी ने लाखन सिंह की हत्या कर दी। सुबह छह बजे परिवार के सदस्य जागे, तब इसकी जानकारी हुई। लाखन सिंह का शव चारपाई पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। उनके सिर से खून निकल रहा था। गले पर काला निशान था। इससे लग रहा था कि सिर पर धारदार हथियार से प्रहार करने के बाद हत्यारोपितों ने उनके गले को घाेंटा होगा।स्वजन ने चारपाई से शव को उठाकर फर्श पर रख लिया। इसके बाद घर में चीख पुकार मच गई। जानकारी होने पर सुबह सात बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई। डाग स्क्वाड और फील्ड यूनिट को बुलाया गया है। स्वजन अभी तक समझ नहीं पा रहे हैं कि उनकी हत्या किसने की। हत्या की वजह अभी समझ में नहीं आ रही है। क्योंकि स्वजन रंजिश होने से इन्कार कर रहे हैं। एसओ शमसाबाद आनंद वीर का कहना है कि किसान की हत्या हुई है। डाग स्क्वाड और फील्ड यूनिट को बुलाया गया है। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है। स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।