![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/13_10_2021-shivpal_agra_22109294.jpg)
RGA न्यूज़
शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा विपक्ष के पास मुद़्दों की कमी नहीं है। सरकार ने खुद ही कई मुद्दे दे दिए हैं। सबसे प्रमुख महंगाई और भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कई ऐसे कानून बना दिए हैं जो जनहित में नहीं हैं
बुधवार सुबह आगरा में मीडिया से मुखातिब शिवपाल सिंह यादव।
आगरा, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी से गठबंधन की संभावनाएं अभी खत्म नहीं हुई हैं। इसके साथ ही समान विचारधारा वाली पार्टी से गठबंधन करेंगे। प्रसपा अध्यक्ष बुधवार को ताजनगरी के पांच विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे।
प्रसपा की सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा आगरा पहुंच चुकी है। बुधवार को माल रोड स्थित अमर होटल से यह शुरू हुई है। प्रतापपुरा, सांई का तकिया, कलक्ट्रेट, सुषाक पार्क, राजामंडी, हरीपर्वत, भगवान टाकीज, सुल्तानगंज की पुलिया, बल्केश्वर, वाटर वर्क्स तक निकाली जाएगी। इससे पहले सुबह प्रेसवार्ता के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि विपक्ष के पास मुद़्दों की कमी नहीं है। सरकार ने खुद ही कई मुद्दे दे दिए हैं। इनमें सबसे प्रमुख महंगाई और भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कई ऐसे कानून बना दिए हैं, जो जनहित में नहीं हैं। किसानों का उत्पीड़ कर रही है यह सरकार। सरकार से जनता काफी परेशान है। भाजपा ने सरकार बनने से पहले उनसे जो वादे किए थे, उन पर वह खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हटाने के लिए प्रसपा पूरी तरह से तैयार हैं। सपा और प्रसपा के गठबंधन की संभावनाओं के बीच दोनों के द्वारा अलग-अलग निकाली जा रही रथयात्राओं के संबंध में प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि गठबंधन होता भी है तो भी प्रचार-प्रसार तो अलग-अलग भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा का मकसद, समाज में परिवर्तन लाना है। भाजपा सरकार को हटाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। प्रेसवार्ता के बाद रथयात्रा लगभग 11 बजे शुरू हुई। इस दौरान रथयात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। वह छावनी, दक्षिण, आगरा ग्रामीण, उत्तर और एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। रथयात्रा की वजह से शहर में कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई है। पुलिस ने कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है।