![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/17_10_2021-8e820156-45f9-48c4-b8a0-2c25198e47d2_22121647_11301642.jpg)
RGA न्यूज़
पीलीभीत में धान की तौल न होने पर किसान ट्रैक्टर ट्राली में धान लेकर पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर पहुंच गए और वाहन आड़े तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे।
यूपी में धान की तौल न होने पर भड़के किसानों ने जाम किया पूरनपुर हाइवे
बरेली, पीलीभीत में धान की तौल न होने पर किसान ट्रैक्टर ट्राली में धान लेकर पूरनपुर-पीलीभीत हाईवे पर पहुंच गए और वाहन आड़े तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे। किसानों को समझाकर उन्हें गुड़ मंडी लाकर रात में ही धान की तौल कराई गई। आधी रात तक यह प्रक्रिया चलती रही।
किसानों का समर्थन मूल्य योजना के तहत धान खरीदने के लिए गुड मंडी में सात क्रय केंद्र लगाए गए हैं। लेकिन 16 दिन बीत जाने के बाद भी यहां धान की खरीद नहीं नहीं की जा रही है। कई कई दिन से किसान धान खरीद के इंतजार में रुके हुए हैं। सिर्फ हवा में बैनर लहरा रहे हैं। इंचार्ज तक गायब हैं। अधिकारियों की भी नजर इधर नहीं जा रही है जिसके चलते पूरी तरीके से मनमानी की जा रही है।
शुक्रवार को किसान धान की ट्राली लेकर गुड़ मंडी पहुंच गए। टोकन के तहत शनिवार को धान की खरीद की जानी थी लेकिन बताया जा रहा है कि खरीद नहीं की गई। इस पर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। रात में साढ़े नौ बजे के करीब तीन ट्रैक्टर ट्राली में धान भरकर किसान पूरनपुर पीलीभीत हाईवे के गोमती गुरुद्वारे पर पहुंचे। वहां वाहन आड़े तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में किसान वहां जुट गए। इससे खलबली मच गया
मामले की सूचना उप जिलाधिकारी रामस्वरूप और पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र विक्रम को लगी तो वह इंस्पेक्टर कोतवाली रामसेवक व अन्य पुलिस टीम के साथ गोमती गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने किसानों को काफी देर तक समझाया। इसके बाद वहां से किसान ट्रैक्टर ट्राली लेकर गुड मंडी आए। यहां रात में ही धान की तौल कराई गई जिसपर किसान शांत हुए। उधर जाम लगने से यातायात बाधित हो गया। राहगीरों को काफी दिक्कत का सामना भी करना पड़ा।
शनिवार की शाम को गुड मंडी में धान की तौल की जा रही थी। अचानक बिजली चली गई। इससे खरीद बाधित हो गई। किसानों से सोमवार को धान खरीदने को कहा गया लेकिन वह हाईवे पर पहुंच गए। करीब 15 मिनट तक जाम लगाया। रात में ही धान की तौल करा दी गई। जो धान खरीदा गया है उसकी रविवार को पैकिंग करा दी जाएगी।