शहर की सड़कें ही नहीं चौराहों पर कचरेे का अंबार, मुश्किल हुआ सफर

harshita's picture

RGA न्यूज़ 

शहर में सड़क ही नहीं चौराहे भी कचरे की समस्या से जूझ रहे हैं। नालों की सफाई कर कचरा चौराहों पर एक ओर डाल दिया जाता है जो शाम तक नहीं उठता। इससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है। क्वार्सी चौराहे पर यही हालात हैं।

शहर में सड़क ही नहीं, चौराहे भी कचरे की समस्या से जूझ रहे हैं।

अलीगढ़, शहर में सड़क ही नहीं, चौराहे भी कचरे की समस्या से जूझ रहे हैं। नालों की सफाई कर कचरा चौराहों पर एक ओर डाल दिया जाता है, जो शाम तक नहीं उठता। इससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है। क्वार्सी चौराहे पर यही हालात हैं। नालों की सफाई कर सड़क किनारे कचरा डाला रहा है। जबकि, कुछ दूरी पर ही कमिश्नरी और सर्किट हाउस है। आए दिन इस मार्ग पर वीआइपी मूवमेंट रहता है। जागरण आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बुधवार को जागरण टीम यहां पहुंची तो कचरे का ढेर मिला। राहगीर इससे बचकर निकल रहे थे।

तीन साल पहले बनी थी चौराहों के सुंदरीकरण की योजना 

नगर निगम ने शहर के चौराहों के सुंदरीकरण की योजना तीन साल पहले ही बना ली थी। क्वार्सी चौराहा भी इस योजना में शामिल है। यहां सुंदरीकरण करना तो दूर, सफाई व्यवस्था भी निगम अधिकारी दुरुस्त न करा सके। चौराहे से होकर कमिश्नरी के लिए मार्ग जाता है, इसी मार्ग पर सर्किट हाउस भी है। प्रशासनिक अधिकारियों का यहां नियमित आना-जाना लगा रहता है। राजनेताओं के कार्यक्रम भी सर्किट हाउस में लगे रहते हैं। बावजूद इसके साफ-सफाई को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। नालों से कचरा निकाल कर कर्मचारी सड़क के किनारे डाल जाते हैं। इससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है, वाहन भी फंस जाते हैं। आसपास के दुकानदार भी गंदगी-दुर्गंध से परेशान हैं। नगर निगम ने सुबह 10:30 बजे तक कचरा उठाने की व्यवस्था की है। लेकिन, कचरा शाम तक उठ पाता है। क्वार्सी चौराहे से पहले मिनी एमआरएफ सेंटर है। यहां कचरा एकत्र किया जाता है, जिसे निस्तारण के लिए प्लांट ले जाया जाता है। सेंटर बनने के बाद भी सड़क पर कचरा डाला जाना लापरवाही ही है।

इनका कहना है

बहुत बुरी स्थिति है। चौराहों पर तो साफ-सफाई होनी चाहिए। रेड सिग्नल होने पर जब वाहन रुकते हैं तो दुर्गंध से लोगों का बुरा हाल होता है।

संदीप दुबे, क्वार्सी

क्वार्सी चौराहे पर नालों की सफाई कर कचरा बाहर डाल दिया जाता है, जो शाम तक पड़ा रहता है। इससे क्षेत्रीय दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है।

राघवेंद्र सिंह, राज्य कर्मचारी कालोनी

नगर निगम को गंभीरता दिखानी चाहिए। सड़क पर कचरा डालना गलत है। कचरा डालने के लिए एक स्थान तय किया जाना चाहिए।

मुकेश कुमार, रामबाग कालोनी

चौराहों पर तो नियमित साफ-सफाई होनी चाहिए। क्वार्सी चौराहे से तो प्रतिदिन अधिकारी निकलते हैं। इसके बावजूद कचरा पड़ा रहता है।

अरुण कुमार, क्वार्सी

चौराहों पर सफाई के बाद कचरा तत्काल उठा लेना चाहिए। इससे राहगीरों को परेशानी होती है। क्वार्सी चौराहे से कुछ दूरी पर एमआरएफ सेंटर है, यहां कचरा डालना चाहिए।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.