आगरा के एक गांव से आंबेडकर प्रतिमा उखाड़ ले गए अराजक तत्व, तनाव, राजनीतिक साजिश की बू

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़

फतेहाबाद क्षेत्र के गांव राजापुरा में देर रात अराजक तत्‍वों ने की खुराफात। बीते पखवाड़े में कई आंबेडकर प्रतिमाओं से की गई है छेड़छाड़। पुलिस को अंदेशा चुनाव नजदीक होने की वजह से रची जा रही है राजनीतिक साजिश। खुफिया विभाग को किया गया अलर्ट।

फतेहाबाद के गांव राजापुरा में लगी आंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्‍व उखाड़ ले गए।

आगरा, फतेहाबाद क्षेत्र के एक गांव से गुरुवार रात में अराजक तत्व आंबेडकर प्रतिमा उखाड़ ले गए। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर गांव में तनाव हो गया। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दूसरी प्रतिमा लगाए जाने की तैयारी चल रही है।

फतेहाबाद के गांव राजापुरा में वर्ष 1984 में डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। गुरुवार रात को अराजक तत्व आंबेडकर प्रतिमा को उखाड़ ले गए। सुबह गांव में रहने वाले श्याम सिंह को प्रतिमा नहीं दिखी तो उसने गांव में आकर लोगाें को जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। पुलिस को सूचना दे दी गई। फतेहाबाद, शमसाबाद और अन्य थानों के फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में आक्रोश था। उनका कहना था कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की जाए। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दूसरी प्रतिमा लगाए जाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इंस्पेक्टर फतेहाबाद आलोक कुमार सिंह ने बताया कि अराजक तत्वों के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही गांव में दूसरी प्रतिमा लगाई जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

चुनाव से पहले कई गांवों में प्रतिमा हुई क्षतिग्रस्त

विधान सभा चुनाव से पहले आगरा के कई गांवों में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त हुई हैं। अछनेरा और इरादत नगर में भी कुछ दिन पहले आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त की गई थी। आशंका है कि इन घटनाओं को अंजाम देकर कोई समाज का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। इसको लेकर खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है। इन घटनाओं के पीछे शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। चिह्नित होने के बाद इनके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.