![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/06_01_2022-channi_putla_22357697.jpg)
RGAन्यूज़
आगरा के यमुना पार इलाके में गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब के सीएम का पुतला फूंका। राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के खिलाफ लगाए नारे। भाटिया पेट्रोल पंप के सामने फूंका गया पुतला। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह सब सोची समझी साजिश के तहत किया
आगरा में पंजाब के सीएम का पुतला फूंकते भाजपा कार्य
आगरा। यमुनापार में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पंजाब में हुई सुरक्षा में चूक और वहां की कांग्रेस सरकार की लापरवाही से उग्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार विरोधी नारे लगाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका।
यमुनापार के हाथरस हाईवे पर स्थित भाटिया पेट्रोल पंप पर गुरुवार की दोपहर भारतीय जनता पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। कार्यकर्ताओं में कई महिलाएं भी शामिल थीं। ब्लॉक प्रमुख जगबीर सिंह तोमर भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। पंजाब के मुख्यमंत्री चरण सिंह चन्नी का पुतला बनाकर एक यात्रा निकाली गई। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने करीब 500 मीटर तक पैदल चलकर राहुल गांधी व प्रियंका गांधी सहित पंजाब के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उसके बाद भाटिया पेट्रोल पम्प पर वाले चौराहे पर लाकर पुतले को आग के हवाले कर दिया। चौराहे पर भी जमकर नारेबाजी की गई। ब्लाक प्रमुख जगबीर सिंह तोमर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में जाने से लोगों को पंजाब में रोका गया, साथ ही 15 से 20 मिनट तक पीएम मोदी जाम में फंसे रहे। उनके साथ हुई इस निंदनीय घटना से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी रोष है। धर्मेश चौहान ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथ लेते हुए इसे सोची समझी साजिश बताया। साथ ही कहा कि इससे देश की गरिमा को काफी ठेस पहुंची है। इस दौरान हरिओम सिसोदिया, योगेश शर्मा, विजयवती कुशवाह, सुशीला, गुड्डी शर्मा, राधे, कीर्तन, शिवकुमार शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।