![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/09_01_2022-smart_city_agra_22366782_177476.jpg)
RGAन्यूज़
50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर लगा ब्रेक। नहीं रुकेगा आगरा मेट्रो स्मार्ट सिटी इनर रिंग रोड आगरा उत्तरी बाइपास सहित अन्य का कार्य। तीन दिनों में नगर निगम प्रशासन ने बीस करोड़ रुपये के जारी किए वर्क आर्डर
आगरा में चुनाव होने तक नया कोई कार्य शुरू नहीं होगा।
आगरा, । आदर्श आचार संहिता लागू होते ही नगर निगम, एडीए, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, ग्राम्य विकास, जिला पंचायत, सात नगर पंचायतों और पांच नगर पालिका परिषदों में 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया। अब विधानसभा चुनाव-2022 खत्म होने के बाद ही यह कार्य शुरू होंगे। तीन करोड़ रुपये के विज्ञापन शुक्रवार को सरकारी विभागों ने जारी किए थे। अब इन कार्यों का वर्क अर्डर जारी नहीं होगा। वहीं नगर निगम प्रशासन ने तीन दिनों में बीस करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग ने 15 करोड़ रुपये के, एडीए ने तीन करोड़ रुपये के वर्क आर्डर जारी किए।
डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट, स्मार्ट सिटी, इनर रिंग रोड के तीसरे चरण का निर्माण, आगरा उत्तरी बाइपास, यमुना नदी पर 54 करोड़ से बन रहे पुल सहित अन्य कार्य नहीं रुकेंगे। चुनाव होने तक नया कोई कार्य शुरू नहीं होगा और न ही अब किसी भी कार्य का वर्क आर्डर जारी होगा।
विधानसभा चुनाव को लेकर पहले से ही इसी सप्ताह में आचार संहिता लगने की अंदेशा था। इसके चलते सभी विभागों ने विकास कार्य शुरू कराने की कवायद शुरू कर दी थी। पहले ही प्रस्ताव तैयार कर लिए गए थे। नाली, खरंजे के साथ ही सड़क निर्माण के कार्यों की लंबी-चौड़ी सूची तैयार की गई थी। सभी विभागों ने बीती शुक्रवार रात तक विकास कार्यों को शुरू कराने के लिए मशक्कत चलती रही। वहीं, आगरा मेट्रो, स्मार्ट सिटी जैसे महत्वपूर्ण कार्य चलते रहेंगे। यह कार्य आचार संहिता लगने से पहले ही चल रहे हैं
शिलान्यास कराकर छोड़े
आचार संहिता से पहले ही कई कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद इनका शिलान्यास करा लिया गया है। ये कार्य अब धीरे-धीरे चलते रहेंगे। आचार संहिता की वजह से यह कार्य रुकेंगे नहीं। कई विभागों ने आनन-फानन में ठेकेदारों से ऐसे कार्य शुरू करा दिए हैं।