RGAन्यूज़
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 अरुण अग्रवाल उप मुख्यमंत्री केशव के करीबी माने जाते हैं इससे केशव मौर्य के सिराथू से चुनाव मैदान में होने की आशंका प्रबल हो गई है। अरुण को सिराथू विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कौशांबी के सिराथू से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है
प्रयागराज,। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सभी राजनीतिक दलों में टिकट के लिए गणेश परिक्रमा शुरू हो चुकी है। कौन कहां से मैदान में उतरेगा, इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व जमीनी स्तर पर सर्वे और फीडबैक में व्यस्त हैं। लगभग सभी विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। कुछ स्थानों पर प्रभारी भी बदले गए हैं।
इसलिए केशव के सिराथू से चुनाव लड़ने का लगा कयास
कौशांबी जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने के मुताबिक भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अरुण अग्रवाल को सिराथू विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। चूंकि अरुण अग्रवाल उप मुख्यमंत्री केशव के करीबी माने जाते हैं, इससे केशव मौर्य के सिराथू से चुनाव मैदान में होने की आशंका प्रबल हो गई है। अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा।
इलाहाबाद शहर उत्तरी व फाफामऊ से भी केशव के चुनाव लड़ने के लगाए जा रहे
इलाहाबाद शहर उत्तरी, फाफामऊ से भी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के चुनाव मैदान में उतरने के कयास लगाए जा रहे हैं। चुनाव आचार संहिता लगने के ठीक पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कौशांबी में किया। मंच पर मौजूद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनकी खुलकर सराहना की और भरोसा दिलाया कि केशव जी जो मांगेंगे सब मिलेगा। इस बात से भी चर्चा आम हुई कि उप मुख्यमंत्री अपने गृह क्षेत्र सिराथू से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष ने यह कहा
भाजपा के प्रयागराज महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने बताया कि इलाहाबाद शहर उत्तरी सीट का प्रभार प्रदेश कार्य समिति सदस्य बृजकिशोर त्रिपाठी, पश्चिमी का दायित्व नागेंद्र सिंह और दक्षिणी का प्रभार अनिल तिवारी के पास है। यमुनापार में बारा विधानसभा सीट के प्रभारी महेंद्र कुमार बिंद के पास है।