RGA न्यूज़
कांग्रेस ने छावनी और फतेहपुर सीकरी के प्रत्याशी नहीं किए हैं घोषित। प्रियंका गांधी वाड्रा ने वाल्मीकि समाज से मांगे थे नाम पांच नाम सौंपे थे। इनमें से एक नाम जगदीशपुरा थाने में पुलिस हिरासत में मृतक अरुण के परिवार से भी है।
आगरा में छावनी और सीकरी सीट पर कांगेस प्रत्याशी का इंतजार है।
आगरा, कांग्रेस ने आगरा की नौ में से सात विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। पार्टी अब तक आगरा छावनी (सुरक्षित) और फतेहपुर सीकरी सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर सकी है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ ही अन्य राजनीतिक दलों की निगाहें भी छावनी सीट से प्रत्याशी की घोषणा पर लगी हुई हैं।
कांग्रेस ने बुधवार को आगरा की उत्तर, दक्षिण, एत्मादपुर, ग्रामीण, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह विधानसभा सीटों से प्रत्याशियों की घोषणा की थी। युवा जोश, अनुभव और जातीय समीकरणों के साथ सर्वसमाज को पार्टी ने अपने साथ लेने का प्रयास पार्टी ने किया है। कांग्रेस ने आगरा छावनी और फतेहपुर सीकरी सीट से प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आगरा आईं पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनावी दाव खेला था। उन्होंने वाल्मीकि समाज से चुनाव लड़ाने को एक नाम मांगा था। समाज ने पांच नाम पार्टी को पांच नामों के सुझाव दिए थे। इनमें से एक नाम पुलिस हिरासत में मृतक अरुण के स्वजन का भी है। छावनी सुरक्षित सीट है और कांग्रेस यहां वाल्मीकि समाज का प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है। नाम तय न हो पाने से प्रत्याशी की घोषणा का इंतजार बढ़ रहा है। वहीं, फतेहपुर सीकरी में पार्टी मजबूत प्रत्याशी चाहती है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने कहा कि एक-दो दिन में दोनों सीटों पर पार्टी प्रत्याशी घोषित कर देगी।