
RGA News देहरादून
स्वास्थ्य विभाग में छह महीने के लिए हड़ताल को प्रतिबंधित कर दिया गया है। कर्मचारियों के मांगों को लेकर लगातार दिखाए जा रहे तेवर और प्रस्तावित आंदोलनों को देखते हुए तत्काल प्रभाव से हड़ताल पर प्रतिबंध लगाया गया है। हड़ताल पर प्रतिबंध लगाए जाने के विधिवत आदेश जारी कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से विभिन्न संवर्ग मांगों के निस्तारण को लेकर सरकार पर दबाव बनाए हुए हैं। डॉक्टर, फार्मासिस्ट, एएनएम, एनएचएम कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोले हुए हैं। इसी बीच प्राइवेट डॉक्टर्स भी 25 दिसंबर से आंदोलन की तैयारी में हैं। क्लीनिकल इस्टेबलिशमेंट एक्ट को लेकर इंडियम मेडिकल एसोसिएशन की ओर से ओपीडी बंद किए जाने के साथ ही अस्पताल बंद किए जाने की चेतावनी दी गई है। ऐसे में किसी भी विपरीत स्थिति से बचने को सरकार ने वैकल्पिक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। इसके लिए सबसे पहले सरकारी अस्पतालों के कर्मचारियों, डॉक्टरों समेत हर संवर्ग की हड़ताल को प्रतिबंधित कर दिया गया है। सचिव स्वास्थ्य नितेश झा के निर्देश पर अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत की ओर से आदेश जारी किए गए।