फर्जी खबर प्रसारित करने के आरोप में आप पार्टी के 3 कार्यकर्ता गिरफ्तार

Praveen Upadhayay's picture

RGA News चंडीगढ़, एजेंसी

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बारे में सोशल मीडिया पर कथित फर्जी खबर प्रसारित करने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। सरकार के इस कदम के बाद 'आप' ने राज्य में 'जंगलराज' को बढ़ावा देने के आरोप लगाए हैं।

राज्य में हालिया नगर निगम के चुनाव के दौरान सोशल मीडिया में एक खबर आई थी जिसमें सीएम खट्टर का जिक्र करते हुए कहा गया था कि सत्ता के लिए उनकी पार्टी को वोट मिलना चाहिए क्योंकि वह पंजाबी समुदाय से हैं।

हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मोहम्मद अकील ने बताया कि 'आप' के सोशल मीडिया प्रभारी हरपाल क्रांति और संजीव जाखड़ समेत तीन लोगों को हरियाणा के मुख्यमंत्री के बारे में 'फर्जी खबर' प्रसारित करने के लिए गिरफ्तार कर लिया गया।

आईटी एक्ट में हुई गिरफ्तारी

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, पुलिस ने बताया कि भाजपा ने शुक्रवार को फर्जी खबर के लिए कुछ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद आईटी कानून की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, 'आप' ने दावा किया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से हरियाणा पुलिस ने पार्टी के 70 कार्यकर्ताओं को उठाया है। 

भाजपा ने खुद दिया था विज्ञापन : नवीन

'आप' के हरियाणा अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि यह लोकतंत्र नहीं बल्कि जंगलराज है। खट्टर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री का एक पोस्ट कथित तौर पर डालने के लिए पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक विज्ञापन दिया था कि पहली बार राज्य को पंजाबी मुख्यमंत्री मिला है और अवसर नहीं गंवाने चाहिए। आप कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर बस इसे पोस्ट किया। नवीन जयहिंद ने कहा कि हम खट्टर से नहीं डरते...हम उनकी सरकार की ऐसी हरकतों के आगे नहीं झुकेंगे।

 

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.