संचारी रोगों से बचाव एवं नियंत्रण करने के लिए सीएमओ और विधायक ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ

Praveen Upadhayay's picture

 

RGAन्यूज़ संवाददाता मुदित प्रताप सिंह
 
साफ सफाई और साबुन से हाथ धोने की आदत से बहुत सी बीमारियों से होगा बचाव, 
15 से 30 अप्रैल तक चलेगा दस्तक अभियान,
आशा और आंगनबाड़ी घर-घर जा कर मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया व जेई के बारे में की देंगी जानकारी
 दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता क्षय रोगियों की भी करेंगी पहचान
 
जनपद बरेली मीरगंज _ दो अप्रैल शनिवार को मीरगंज सीएससी पर संचारी रोगों से बचाव एवं नियंत्रण के लिए सीएमओ डॉ बलबीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर एवं मीरगंज विधायक डॉ डीसी वर्मा ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया विधायक ने कहा  घर व आसपास साफ-सफाई न होने और जल जमाव से मच्छर पनपते हैं और इससे डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया जैसी बीमारियां फैलती हैं।  संचारी रोग नियंत्रण के साथ दस्तक जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है
 
 मीरगंज विधायक डॉ डीसी वर्मा ने कहा सभी लोगों की मदद से जनपद बरेली में कोरोना वायरस जैसी गंभीर बीमारी पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। अब आप लोगों की मदद से मच्छर और अन्य जानवरों से फैलने वाली बीमारियों के रोकथाम की जरूरत है।
 
 सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने कहा, बीमारी  होने से पहले ही बचाव कर लिया जाए तो अच्छा है । लोगों को अपने स्वास्थ्य के  प्रति जागरूक होना चाहिए। जनता के स्वास्थ्य के लिए सरकार जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि डिप्थीरिया जैसी बीमारी से बच्चों को बचाने के लिए स्कूलों में जाकर 5 साल , 10 साल और 16 साल के बच्चों का टीकाकरण कराएं।
 
सीएमओ डॉ बलबीर सिंह ने कहा, मच्छरों से डेंगू, जेई, मलेरिया,  चिकनगुनिया  फैलता है। बचाव  के लिए एक तो सामान्य साफ-सफाई, दूसरा नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई जरूरी है। उथले हैंड पंप से पानी नहीं पीना चाहिए। पीने वाले हैंडपंप में पीला निशान लगाया जाता है पीने के पानी का उपयोग इसी हैंडपंप से करना चाहिए जिससे पानी से होने वाली बीमारियां नहीं होंगी। इसके अलावा पानी को उबालकर ठंडा कर पीना सबसे अच्छा उपाय है। 
 
15 से 30 अप्रैल तक चलेगा दस्तक अभियान 
 
 सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संचारी रोगों की रोकथाम के लिए  प्रभावी उपाय अपनाते हुए दो से 30 अप्रैल तक व्यापक विशेष संचारी नियंत्रण अभियान एवं 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा। इस बार दस्तक अभियान में ए.एन.एम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जन समुदाय को संचारी रोगों से बचने के बारे में जानकारी देंगी  और जागरूकता सर्वेक्षण के साथ हर घर से क्षय रोग के संभावित रोगियों की  जानकारी भी एकत्र करनी है। यदि कोई  संभावित रोगी मिलता है तो रोगी का नाम, पता और मोबाइल नम्बर आदि जानकारी फार्मेट में एकत्र की जायेगी। दिमागी बुखार के कारण दिव्यांग हुए लोगों और कुपोषित बच्चों की सूचना एकत्र की जायेगी। प्रतिदिन शाम को क्षेत्रीय ए.एन.एम के माध्यम से अभियान की रिपोर्ट ब्लाक स्तरीय प्राथमिक /सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजी जायेगी।
 
 अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता  घर के दरवाजे पर एक स्टीकर लगाएंगी। मीरगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ.  अमित कुमार ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संगिनी से बात कर उन्हें संचारी रोग अभियान की महत्वपूर्ण जानकारी दी। 
 
इस अवसर पर  यूनिसेफ के मंडल समन्वयक आरिफ हसन, यूनिसेफ के जिला समन्वयक इरशाद हसन खान, फैमिली हेल्थ इंडिया कार्यक्रम के सहायक प्रशांत मांजरेकर उपस्थित रहे।
 
यह बातें रखें ध्यान -
 
- डेंगू, चिकनगुनिया का एडीज मच्छर दिन में काटता है एवं ठहरे हुए पानी में पनपता है। 
- जापानी बुखार एवं फाइलेरिया फैलाने वाला क्यूलेक्स मच्छर रात में काटते हैं और रुके हुए पानी में पनपते हैं  हैं।
- एनाफिलीज मच्छर के काटने से मलेरिया फैलता है, यह साफ ठहरे हुए पानी में पनपता है।

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.