
RGA News
क्रिकेट की दुनिया में कुछ बातें असंभव होती हैं, लेकिन मैदान पर वही संभव हो जाती हैं। एक गेंद पर कोई 17 रन बना सकता है, इसकी कल्पना ही नहीं की जा सकती। लेकिन बिग बैश लीग (BBL 2019) में ऐसा हुआ। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज रिले मेरिडिथ ने एक गेंद पर 17 रन दिए हैं।
मेलबर्न रेनेगेड्स और होबार्ट हैरीकेन के बीच हुए मैच में इस कल्पना ने हकीकत का रूप लिया। मेलबर्न ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 184 रन बनाए। रिले ने पहले ओवर में ही 23 रन दिए। उनकी तीसरी गेंद पर वाइड के पांच रन गए। उन्होंने अपने तीन ओवरो में 43 रन देकर 1 विकेट लिया।
यह वाकया उस समय शुरू हुआ, जब उन्होंने अपने ओवर की चौथी गेंद नो बॉल डाली। यह गेंद विकेटकीपर मैथ्यू वाडे को छोड़ती हुई सीमा पार कर गई। अगली गेंद को एरोन फिंच ने चौके लिए मारा, लेकिन अंपायरों ने चर्चा के बाद इसे हाइट के लिए नो बॉल करार दिया।
मेरिडिथ ने अगली गेंद फिर से नो बॉल डाल दी। एरोन फिंच ने इसे भी चार रन के लिए रवाना कर दिया। दर्शक इस युवा तेज गेंदबाज का उत्साह बढ़ा रहे थे। आखिर मेरिडिथ ने लीगल बॉल डाली। इस तरह उनकी एक ही गेंद पर 17 रन बने, लेकिन बावजूद इसके रिले मेरिडिथ की टीम जीत गई।
बता दें कि सोशल मीडिया पर ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज रिले मेरडिथ की गेंद पर खूब चर्चा हो रही है। फैन्स इस गेंद को क्रिकेट इतिहास की सबसे खराब गेंद बता रहे हैं। हालांकि, इस गेंदबाद का सबसे महंगा ओवर उनकी टीम को नुकसान नहीं पहुंचा पाया। किस्मत से इस खतरनाक ओवर के बावजूद होबार्ट हैरीकेन की टीम 16 रनों से जीत गई।