भाजपा कोर ग्रुप की बैठक : सपा, बसपा और कांग्रेस को कदम-कदम पर घेरने का फैसला

Praveen Upadhayay's picture

RGA News लखनऊ

भाजपा मुख्यालय में कोर ग्रुप ने मंथन कर तय किया कि आज से अभियानों के जरिये भाजपा की चुनावी रेल सरपट दौड़ेगी और पूरे सूबे में विपक्ष का माहौल नहीं बनने देगी।...

लखनऊ:- लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में न केवल सपा-बसपा पर आक्रामक रहेगी बल्कि कांग्रेस को भी कदम-कदम पर घेरेगी। इसके साथ ही पार्टी सार्वजनिक रूप से कांग्रेस को बहुत तरजीह नहीं देगी।

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विधानसभा में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सपा-बसपा पर ही ज्यादा आक्रामक थे। इसके साथ ही भाजपा मुख्यालय में कोर ग्रुप ने मंथन कर तय किया कि आज से अभियानों के जरिये भाजपा की चुनावी रेल सरपट दौड़ेगी और पूरे सूबे में विपक्ष का माहौल नहीं बनने देगी।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कल पार्टी की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ में भाजपा विरोधी माहौल बनाने में जुटे थे, जबकि भाजपा मुख्यालय में संगठन के साथ सरकार भी अपनी चुनावी रणनीति बनाने में जुटी थी। कल शाम को शुरू हुई कोर ग्रुप की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, लोकसभा चुनाव प्रभारी व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, सह प्रभारी नरोत्तम मिश्र, गोवद्र्धन झड़पिया, दुष्यंत गौतम और सुनील ओझा तथा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने चुनावी अभियान को लेकर गहन मंथन किया। कोर ग्रुप ने तय किया कि जितने भी कार्यक्रम तय किये गए हैं, उसे बहुत ही प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

इसके साथ ही प्रदेश में 20 फरवरी के पहले तक अफसरों के तबादले होने हैं। इस पर भी चर्चा के साथ जहरीली शराब से हुई मौतों पर हमलावर विपक्ष का मुंहतोड़ जवाब देने का फैसला किया गया।

19 समूहों से मिले फीडबैक पर भी चर्चा

भाजपा ने हाल में प्रदेश को 19 समूहों में बांटकर सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों की राजनीतिक, जातीय और विपक्ष की तैयारियों का फीडबैक लिया था। कोर ग्रुप की बैठक में सभी क्षेत्रों से मिले फीडबैक और प्रदेश की 74 सीटें जीतने के लिए चलाये जाने वाले भविष्य के कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। फरवरी और मार्च में मोदी और शाह के उप्र के संभावित दौरों को लेकर भी मंथन हुआ।

आज अपने घर की छत पर भाजपा का झंडा फहराएंगे दिग्गज

मेरा परिवार-भाजपा परिवार अभियान आज से शुरू हो रहा है। इस अभियान में दिग्गज अपने घर से पार्टी का झंडा फहराएंगे और फिर यह सिलसिला नीचे तक चलेगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुजरात में अपने घर पर जबकि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय अपने न्यू हैदराबाद स्थित आवास, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भाजपा मुख्यालय तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयाग में अपने आवास पर झंडा फहराएंगे और स्टीकर लगाएंगे। अभियान के समन्वयक और भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं और सदस्यों के घरों पर दस्तक देने के अभियान पर मंगलवार से निकलेगी। गोविंद शुक्ल ने बताया कि चार चरणों में चलने वाले अभियान में आज के साथ कल पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय व जिले के पदाधिकारी, सांसद, विधायक और जिला पंचायत तथा निकायों के अध्यक्ष महापौर अपने घरों पर कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर चाय पर चर्चा करेंगे और घरों की छत पर भाजपा का झंडा फहराएंगे। अगले चरण में गुरुवार और शुक्रवार को मंडल कार्यसमिति के पदाधिकारी, सदस्य, सेक्टर प्रभारी व सेक्टर संयोजक अभियान चलाएंगे। 16 व 17 फरवरी को सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प, व विभागों के पदाधिकारी, 18 फरवरी से 22 फरवरी तक हर बूथ तक यह अभियान चलेगा। भाजपा ने सभी मंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के लिए भी क्षेत्र तय कर दिया है।

कार्यकर्ता के घर झंडा फहराएंगे योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता अभिषेक दीवान के मोहन मीकिंस डालीगंज स्थित आवास पर पार्टी का झंडा फहराने जाएंगे। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर मंगलवार से मेरा परिवार, भाजपा परिवार अभियान शुरू होगा। जिसमें सभी छोटे बड़े नेताओं को घरों की छत पर झंडा लगाने और दीवार पर स्टीकर लगाएं जाएंगे। 

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.