RGA न्यूज: हिमाचल में फिर बदला मौसम, बर्फबारी, कई जगह बारिश

Praveen Upadhayay's picture

 RGA न्यूज: शिमला 

हिमाचल में वीरवार को मौसम के अजब रंग देखने को मिले। ऊना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा तो रोहतांग में बर्फबारी और मंडी-रामपुर में बारिश हुई। शिमला में दोपहर तक चटक धूप खिलने के बाद एकाएक बादल छा गए। 

वीरवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में तूफान भी चला। प्रदेश में पारा चढ़ते ही मौसम में एकाएक बदलाव आया है। मौसम में आए इस बदलाव को मौसम विज्ञान केंद्र भी नहीं भांप सका। वीरवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान था।

यहां राहत बनकर बरसी बारिश

वीरवार दोपहर बाद रोहतांग दर्रा समेत चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। रोहतांग में करीब दो इंच तक बर्फ रिकार्ड की गई। मौसम खराब होने के चलते वीरवार को भुंतर से किलाड़ तक हवाई सेवा भी बाधित रही।

मंडी जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच वीरवार को दोपहर बाद बारिश राहत बनकर बरसी। बारिश पैदावार के लिए भी बेहतर मानी जा रही है। रामपुर में भी वीरवार दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। क्षेत्र में तूफान भी चला। राजधानी शिमला में दोपहर बाद बादल छाने से ठंडक बढ़ गई है। 

इन शहरों के तापमान में आया ये बदलाव

वीरवार को शिमला में अधिकतम तापमान 23.2, ऊना में 36.4, नाहन में 29.1, सोलन में 28.0, कांगड़ा में 32.4, चंबा में 29.7, सुंदरनगर में 31.5, भुंतर में 29.2, धर्मशाला में 26.8, कल्पा में 17.4 और डलहौजी में 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

उधर, बुधवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 0.3, मनाली में 4.0, कल्पा में 4.2, शिमला में 12.1, धर्मशाला में 11.6, ऊना में 13.8, हमीरपुर में 13.7, बिलासपुर में 13.4, सोलन में 12.0 और नाहन में 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पूरे प्रदेश में चार अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।

 

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.