
RGA News मेरठ
हस्तिनापुर पुलिस ने जंगल में बने एक मकान में अवैध रूप से चल रही हथियार बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी करके बने और अधबने हथियार बरामद किए हैं।...
मेरठ :- हस्तिनापुर पुलिस ने एक हैरतअंगेज खुलासा करते हुए भारी संख्या में बने हुए और अधबने हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई गिरफ्तार किए गए दो बदमाशों की निशानदेह पर की है। पुलिस की टीम ने हस्तिनापुर के जंगल में एक मकान में छापा मारा,जहां से भारी संख्या में बने और अधबने हथियार बरामद हुए। जिसमें तैयार 55 तमंचों के अलावा दर्जनों अधबने तमंचे और अवैध हथियार को बनाने के उपकरण बरामद हुए। छापे के दौरान फैक्ट्री को संचालित करने वाले दो हथियार तस्कर मौके से भाग गए। इन हथियारों की सप्लाई कहां होनी थी,इस बात का पता पुलिस की जांच के बाद चलेगा।
काफी समय से चल रही थी फैक्ट्री
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी रणविजय सिंह बताया कि अवैध हथियारों की फैक्ट्री काफी दिनों से संचालित थी। मगर किसी को इसकी जरा भी भनक नहीं लगी। चेकिंग में मंगलवार को पुलिस ने दो बदमाशों को 315 बोर के तमंचे के साथ पकड़ा। जिनसे पूछताछ में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री की जानकारी पुलिस को हो सकी। दोनों बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने फैक्ट्री पर छापा मारा और अवैध हथियार बरामद किए। फरार दोनों आरोपियों को भी पुलिस जल्द ही गिरफ्तार करेगी।
डीआइजी ने की इनाम की घोषणा
एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि हस्तिनापुर इंस्पेक्टर और उनकी टीम को अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री को पकड़ने पर डीआइजी और एसएसपी ने पांच-पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।