
RGA News लखनऊ संवाददाता
बेल्ट टूटने से रात सवा आठ बजे हादसा। घायलों में से दो की हालत गंभीर सभी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती। पुलिस ने जाम लगाए लोगों को आश्वासन देकर शांत कराया मामला।...
लखनऊ:- राजधानी स्थित बाजारखाला में फ्लाइओवर निर्माण के दौरान सरिये का करीब पांच क्विंटल का जाल शुक्रवार रात छह राहगीरों पर गिर गया। इससे सभी घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फ्लाइओवर का निर्माण राज्य सेतु निर्माण निगम करा रहा है। हादसा उस वक्त हुआ, जब सरिये के जाल को ऊपर उठाने वाला पट्टा टूट गया।
पुराने शहर में निर्माणाधीन तीन में से एक फ्लाइओवर का काम बाजारखाला चौराहे के पास चल रहा है। हादसा रात करीब सवा आठ बजे हुआ। मशीन के जरिये ड्रिल करने के बाद उसी मशीन में पट्टा बांधकर पिलर के सरिये से बने जाल को ऊपर उठाकर गड्ढे में फिट करने का काम हो रहा था।
ये हुए घायल
जाल गिरने से वहां से गुजर रहे मुन्ना, गंगाराम, शीला, शबनम, कामता देवी और शांति घायल हो गईं। इनमें से मुन्ना और गंगाराम की हालत गंभीर है। इससे गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे बाजारखाला इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
बिना डाइवर्जन कराया जा रहा रिस्की काम
घटना के बाद टूडियागंज बाजारखाला व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृष्ण चंद रस्तोगी, महामंत्री राजेश अग्रवाल और उपाध्यक्ष इमरान कुरैशी ने उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर साथियों संग रास्ता जाम किया और घायलों को मुआवजा देने की मांग की। इन लोगों का कहना था कि बिना डाइवर्जन के ही काम कराया जा रहा है, जिससे हादसे का डर बना हुआ है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार ?
राज्य सेतु निर्माण निगम के जीएम अरविंद श्रीवास्तव का कहना है कि डाइवर्जन लिया गया था। मगर बीच-बीच में लोग आते रहे। इस वजह से लोग चपेट में आ गए। सरिया सीधे राहगीरों पर नहीं गिरा। छूते हुए निकला है। हमारी टीम ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां वे सुरक्षित हैं।