
RGA News मेरठ
मछेरान में बुधवार को दोपहर बाद हुई आगजनी में कई लोगों ने अपने घरों और सामानों को खो दिया। सामान ढूढ़ते लोगों के चेहरों पर पीड़ा की लकीर साफ नजर आ रही थी। ..
मेरठ:- साहब पाई-पाई जोड़कर बेटी की शादी के लिए बर्तन खरीदे थे। ज्वेलरी बनवाई थी। सब एक क्षण में जलकर खाक हो गया। जवान बेटियों की अब कैसे शादी होगी। आग के बीच से जले हुए सामान को लेकर निकलते वसीम रोते-रोते यही कहते रहे। भूसामंडी में आग लगने के बाद वसीम जैसे कई लोगों के घरों का सामान राख हो गया। सभी का रो- रोक बुरा हाल रहा। आग के पीछे किसकी कारस्तानी थी,यह जांच का विषय है लेकिन इस प्रचंड आग की लपेटे में कई लोगों के सारे अरमान भी खाक हो गए।
अंधेरे में तलाश रहे थे घर
भूसामंडी में पुलिस पर पथराव और बवाल थमने के बाद घुप अंधेरे में लोग अपने लोगों की तलाश करते दिखे। चर्चा और अफवाहों की आंधी भी खूब चली। जितनी मुंह उतनी बातें। भूसा मंडी की सड़क पर जलकर मरे बकरे को दिखाकर लोग न जाने कितने बकरों के जलने की आशंका जता रहे थे। अंधेरे गलियों में रिक्शे पर बर्तन और जले हुए बक्से को लेकर लौट रहा एक व्यक्ति दहाड़े मारकर रोए जा रहा था। लोगों का कहना था कि मोहल्ले में कई लड़कियों की शादी होने वाली थी, सभी के सामान खाक हो गए। भीड़ में कई लोग अपने-अपने परिजनों के लापता और किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिल्लाते नजर आए।
बदहवास घूमते रहे बच्चे
भीड़ में कई बदहवास युवक और बच्चे भी दिखे,जो अपने परिजनों को ढूंढते फिर रहे थे। महिलाएं भी अपने खाक हुए घर की ओर इशारा कर चिल्लाती रहीं। उनका कहना था कि कुछ भी नहीं बचा है। सब कुछ खाक हो गया। दूसरी ओर जले हुए बकरे को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे।