
RGA News
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को वादा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो उनकी कांग्रेस पार्टी संसद में महिला आरक्षण विधेयक को पारित करने का प्रयास करेगी और महिलाओें के उत्पीड़न को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जायेगी।
ओडिशा के कोरापुट जिले के जयपुर कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं के साथ बातचीत में कहा, महिलाओं के सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने की त्वरित आवश्यकता है। कांग्रेस इसे सुनिश्चित करने की इच्छुक है।
राहुल गांधी ने कहा, 'अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो हमारा दृष्टिकोण महिलाओं के प्रति होने वाले उत्पीड़न को कतई बर्दाश्त नहीं करने वाला होगा।' ओडिशा का उल्लेख करते हुये कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर कांग्रेस राज्य में सत्ता में आती है, तो चाहे वह इंजीनियरिंग का क्षेत्र हो या चिकित्सा अथवा कोई और, सभी महिलाओं को नि:शुल्क शिक्षा दी जायेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सभी महिलाएं, विशेषकर आदिवासी, दलित और पिछड़े समुदाय से संबंधित महिलाओं को नि:शुल्क शिक्षा दी जायेगी ताकि सचमुच में उनका सशक्तिकरण हो सके। राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को बधाई भी दी।