![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA News हरिद्वार
सिडकुल आद्योगिक क्षेत्र में फूड प्वाइजनिंग की वजह से एक प्राइवेट कंपनी के करीब 350 कर्मचारी बीमार हो गए। इनमें से 18 कर्मचारियों की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कंपनी की कैंटीन में मिष्ठान खाने और पानी पीने के बाद कर्मचारियों की हालत बिगड़ी है। मामला शुक्रवार रात का है, जब सिडकुल थाना क्षेत्र स्थित एक नामी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों की हालत अचानक बिगड़नी शुरू हो गई। कर्मचारियों ने कैंटीन में पहले दिन में और फिर रात में भोजन के बाद ब्रेड से बना मीठा टोस्ट खाया और पानी पिया। कुछ ही देर बाद कर्मचारियों की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। तबीयत बिगड़ने पर कर्मचारियों को कंपनी के अंदर बने अस्पताल में ले जाया गया। इनमें से 18 कर्मचारियों की हालत ज्यादा बिगड़ती देख रात को ही सिडकुल के मेट्रो अस्पताल ले जाया गया। जहां कर्मचारियों को आरआईसीयू में भर्ती किया गया है। कर्मचारियों को पेट, सिर और पैर में दर्द के साथ ही उल्टी की शिकायत है। रोगियों का उपचार करने वाले अस्पताल के डॉ. नीरज कुमार सिंह का कहना है कि मिष्ठान खाने के बाद ही कर्मचारियों की हालत बिगड़ी है। शनिवार को कर्मचारियों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। मामले को लेकर कंपनी के अफसरों से वार्ता करने का प्रयास किया गया, पर उनसे बात नहीं हो सकी।
सिडकुल क्षेत्र की इस कंपनी में फूड प्वाइजनिंग की शिकायत पहली बार आई है। मामले की जांच की जा रही है।
राजेंद्र पाल सिंह, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी