RGA News
होली के त्यौहार को शांति पूर्ण मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इस बार जिले के 2404 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इसमें से 882 शहर में हैं। ...
अलीगढ़ :- होली के त्यौहार को शांति पूर्ण मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इस बार जिले के 2404 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इसमें से 882 शहर में हैं। अन्य देहात के हैं। संवेदनशील होलिका दहन के स्थानों पर प्रशासन व पुलिस की तैनाती जा रही है। यह अपनी मौजूदगी में होलिका दहन कराएंगे। गुरुवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में होली के त्यौहार को लेकर पुलिस-प्रशासनिक अफसरों की बैठक आयोजित की गई। इसमें डीएम ने कहा कि इस त्यौहारों को सभी लोगों को आपसी भाईचारे से मनाना चाहिए। अगर कहीं कोई समस्या है तो प्रशासन को अवगत कराया जाए। वह समाधान करेगा। सफाई व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। एसएसपी ने कहा कि अगर कोई भी अराजक तत्व माहौल बिगाड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। अफसर विवादित स्थलों का निरीक्षण करें। इस मौके पर एसपी देहात मणिलाल पाटीदार, एडीएम वित्त उदय सिंह, एडीएम सिटी राकेश मालपाणी समेत अन्य मौजूद रहे।
पांच रूट निर्धारित कर चार जोन में बांटा गया शहर
होली के त्यौहार को लेकर नगर निगम ने शहर में पांच रूट निर्धारित करके चार जोन में बांटा गया है। इनमें चार जोनल अधिकारी, दो नोडल अधिकारी, एक वरिष्ठ नोडल अधिकारी, 35 अधिकार व 560 सफाई कर्मी नियुक्त किए हैं। पेयजल, सफाई व प्रकाश की व्यवस्था देखेंगे। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने आवारा पशुओं के विचरण पर पूरी तरह रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने बताया कि जयगंज अचल ताल, रेलवे रोड, महावीर गंज, फूल चैराहा, बड़ा बाजार, सासनीगेट रामघाट रोड सेंटर पाइंट, कनवरी गंज आदि क्षेत्रों के दुकानदारों द्वारा दोपहर में अपनी दुकानें बंद करके टेसू और फूलों के रंग से होली होती है। इसके लिए पहले से पानी की व्यवस्था करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ोली पर आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की ओर से 20 व 21 मार्च को 24 घंटे तक कंट्रोल रूम चलेगा। इसके लिए 0571-2502111, 7500112224, 18002747047 का टोल फ्री नंबर जारी किया जा रहा है।