आसान होगी रिंग रोड से गोमती बैराज की राह, 26 मार्च से शुरू होगा कुकरैल पुल

Praveen Upadhayay's picture

RGA News

सात मार्च को हुआ था लोकार्पण। पहले 19 मार्च की बताई गई थी तारीख। ...

लखनऊ:- कुकरैल पुल का लोकार्पण सात मार्च को हुआ मगर इसके खुलने का इंतजार लंबा होता जा रहा है। पहले एक सप्ताह, उसके बाद 19 मार्च की तारीख बताई गई। सेतु निगम अब 26 मार्च की अंतिम तारीख पुल खुलने के लिए बता रहा है। दावा ये भी है कि पुल की प्रकाश व्यवस्था भी 26 मार्च तक पूरी की जाएगी।

सात मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कुकरैल पुल का लोकार्पण किया था। लोकार्पण के बाद उसी दिन दो घंटे के लिए पुल पर यातायात चलाया गया। इसके बाद पुल बंद किया गया। यहां सीआरआरआइ ने पुल का सेफ्टी सर्वे किया। पुल फिट है। मगर शुरुआत अभी नहीं की गई। सेतु निर्माण निगम के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हम 26 मार्च को पुल शुरू कर देंगे। हमने अंतिम काम 26 फरवरी को खत्म किया था। इसलिए एक महीने का समय ले रहे हैं। लाइटिंग का काम शुरू कर दिया गया है। वह भी खत्म हो जाएगा।

रिंग रोड से गोमती बैराज रोड भी होगी शुरू

रिंग रोड कल्याण अपार्टमेंट से लेकर गोमती बैराज सिक्स लेन रोड पर आवागमन भी शुरू हो जाएगा। ये साढ़े पांच किमी लंबी सड़क है जो कि करीब 100 करोड़ की लागत से बनाई गई है। इस पर भी मार्ग प्रकाश किया जा रहा है। इस सड़क के शुरू होने से जिस सफर पूरा करने में आधा घंटा लगता है वह केवल सात मिनट में पूरा हो जाएगा। लंबे समय से इस क्षेत्र के रहने वाले लोग इस सड़क के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। निशातगंज, खुर्रम नगर, गोल मार्केट, महानगर, कपूरथला, पेपर मिल कॉलोनी सहित कई इलाकों में जाम इस सड़क के शुरू होने के साथ कम हो जाएगा। लोगों को राहत मिलेगी।

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.