
Rga news
भाजपा ने कैराना से प्रदीप चौधरी को प्रत्याशी घोषित किया है। बिजनौर की नगीना सुरक्षित सीट से सांसद डॉ. यशवंत तथा बुलंदशहर से सांसद भोला सिंह को टिकट दिया गया है। ...
लखनऊ भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए आज उत्तर प्रदेश से तीन और प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगा दी है। कैराना से लोकसभा का उप चुनाव हारने वाली मृगांका सिंह का टिकट काट दिया गया है। नगीना और बुलंदशहर सीट से बीजेपी ने वर्तमान सांसदों पर ही भरोसा जताया है। कैराना में 11 अप्रैल को मतदान होना है जबकि नगीना और बुलंदशहर में 18 अप्रैल को मतदान है।
भाजपा ने आज चौथी सूची जारी की। इसमें उत्तर प्रदेश से तीन लोकसभा प्रत्याशी हैं। भाजपा ने कैराना से प्रदीप चौधरी को प्रत्याशी घोषित किया है। बिजनौर की नगीना सुरक्षित सीट से सांसद डॉ. यशवंत तथा बुलंदशहर से सांसद भोला सिंह को टिकट दिया गया है। प्रदीप चौधरी सहारनपुर के गंगोह से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। कैराना से पूर्व सांसद रहे हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह का टिकट काट दिया गया है। भाजपा ने मई 2018 उपचुनाव में दिवंगत हुकुम सिंह की बेटी मृगांका को टिकट दिया था लेकिन उन्हें हार झेलनी पड़ी। 2014 के लोकसभा चुनाव में कैराना संसदीय सीट से भाजपा के हुकुम सिंह ने जीत दर्ज की थी। 3 फरवरी 2018 को उनका निधन हो जाने के चलते यहां उपचुनाव हुआ था।
तीन बार से विधायक हैं प्रदीप चौधरी
कैराना से भाजपा प्रत्याशी घोषित प्रदीप चौधरी नकुड़ व कैराना के बाद अब गंगोह से विधायक हैं। तीन बार से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रदीप चौदरी गुर्जर समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। प्रदीप चौधरी 2000 में भारतीय लोकदल सदस्य के रूप में नकुड़ (विधानसभा क्षेत्र) में उप-चुनावों में चुने गए थे। उन्हें 2012 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य के रूप में गंगोह (विधानसभा क्षेत्र) में उत्तर प्रदेश की सोलहवीं विधान सभा के लिए चुना गया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 से पहले उन्होंने भाजपा ज्वाइन किया था।
भाजपा की पहली सूची में 184 उम्मीदवारों के नाम थे। दूसरी सूची में एक उम्मीदवार और तीसरी सूची में 36 उम्मीदवारों के नाम थे।