SP के नेता फिरोज खान का शर्मनाक बयान, रामपुर में जया प्रदा के आने से शामें रंगीन होंगी

Praveen Upadhayay's picture

Rga news

संभल से सपा के जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने कहा कि जया प्रदा के रामपुर आने पर यहां की रातें रंगीन होंगी। उन्होंने कहा कि रामपुर के लोग बहुत अच्छे हैं सूझबूझ वाले हैं।...

रामपुर:-समाजवादी पार्टी से रामपुर से दो बार सांसद रही चुकीं जया प्रदा के रामपुर से भाजपा की प्रत्याशी घोषित होते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं के बोल बिगडऩे लगे हैं। संभल से लोकसभा का टिकट पाने के प्रयास में लगे फिरोज खान ने जया प्रदा को लेकर बेहद शर्मनाक टिप्पणी की है।

संभल से सपा के जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने कहा कि जया प्रदा के रामपुर आने पर यहां की रातें रंगीन होंगी। उन्होंने कहा कि रामपुर के लोग बहुत अच्छे हैं, सूझबूझ वाले हैं, इस इलाके में आजम खां ने बहुत काम किया है। इसके बीच भी हम लोग अब मजा लेने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे। मजे लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जया प्रदा के आने से अब रामपुर की रातें काफी रंगीन हो जाएंगी। हम लोग पहले भी उनकी रात यहां पर देख चुके हैं। लंबा समय हो चुका है, उनको देखे हुए। फिरोज खान खुद संभल से टिकट चाह रहे थे, इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने भी स्पष्ट कहा था कि पार्टी अध्यक्ष संभल से चुनाव लड़ें, ऐसी उनकी ख्वाहिश है।

सपा-बसपा गठबंधन ने आजम खां को रामपुर से अपना प्रत्याशी बनाया है। वह पहली बार लोकसभा चुनाव लडऩे मैदान में उतरे हैं। फिरोज खान उनके करीबी माने जाते हैं। जया प्रदा और आजम खान की दुश्मनी जगजाहिर है। उनके बीच कई बार जुबानी तीर चल चुके हैं।

फिरोज खान ने भाजपा द्वारा जयाप्रदा को रामपुर से उम्मीदवार बनाए जाने पर भी टिप्पणी की। जयाप्रदा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि मैं एक दिन बस से जा रहा था, उस दौरान उनका काफिला भी वहां से गुजर रहा था तो जाम लग गया। मैंने बस से उतरकर उन्हें देखने की कोशिश की। मुझे लगा कि कहीं जाम खुलवाने के लिए ठुमका ना लगा दें।

अब चुनावी माहौल शुरू होने के बाद रामपुर की शामें तो बहुत रंगीन हो जाएंगी। रामपुर के लोग बहुत अच्छे हैं, सुलझे हुए हैं। उन्होंने कहा, 'रामपुर के लोग मजे लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, क्योंकि उन्हें एक बार फिर मौका मिला है। शामें तो यहां रंगीन होंगी। मुझे डर है कि मेरे क्षेत्र के लोग यहां शामें रंगीन न करने आ जाएं। मुझे अपने इलाके का ध्यान रखना होगा।

वैसे एक समय वो भी था। जब दोनों एक-साथ हुआ करते थे। राज्य सभा सदस्य अमर सिंह की मानें तो जया प्रदा को रामपुर से चुनाव लड़ाने का फैसला आजम खां का ही था। जया प्रदा इस लोकसभा चुनाव में आजम खां के खिलाफ रामपुर से ताल ठोक रही हैं, उनकी राजनीतिक एंट्री खुद आजम खां ने ही कराई थी। जया प्रदा के बहाने ही आजम खां ने कांग्रेस के रामपुर के इस किले को तोड़ा था।

नकवी के दरबार पहुंचे अमर और जया

भाजपा से टिकट मिलने के बाद फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के दरबार में हाजिरी लगाई। वह कल नकवी से दिल्ली में मिली थीं। उनके साथ राज्यसभा सदस्य अमर सिंह और भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश कुमार सक्सेना भी थे। जयाप्रदा ने नकवी से रामपुर में चुनाव के माहौल के बारे में चर्चा की। नकवी ने उन्हें आश्वासन दिया कि पार्टी के कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक उन्हें पूरी मेहनत से चुनाव लड़ाएंगे। जया प्रदा रामपुर से दो बार सांसद रह चुकी हैं। तब उन्होंने दोनों बार सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। बाद में सपा के कद्दावर नेता आजम खां की नाराजगी के चलते उन्हें और अमर सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

इस बार सपा से लोकसभा के लिए आजम खां मैदान में हैं। ऐसे में भाजपा ने उनके मुकाबले जयाप्रदा को टिकट दिया है। टिकट मिलने के बाद वह केंद्रीय मंत्री नकवी से मिलने पहुंची। दरअसल, नकवी की रामपुर में भाजपा संगठन में मजबूत पकड़ है। वह यहां से सांसद रह चुके हैं और रामपुर को अपनी कर्मभूमि मानते हैं। यहां उनका आशियाना भी है और वोटर भी रामपुर के ही हैं। पार्टी के कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक उनसे जुड़े हैं। यहां चुनाव जीतने के लिए जयाप्रदा को उनके सहयोग की जरूरत पड़ेगी। इसी कारण वह नकवी के दरबार में पहुंच गईं। नकवी ने भी उन्हें पूरी तरह सहयोग का भरोसा दिलाया

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.