Box Office: 2019 की पहली तिमाही में इन 13 फिल्मों ने कमाए 1000 करोड़, पढ़ें पूरी रिपोर्ट!

Praveen Upadhayay's picture

Rga news

Box Office Q1 (Jan-March) 21 मार्च को अक्षय कुमार की केसरी आयी जिसने एक बार फिर बॉक्स ऑफ़िस को गर्माहट दी। केसरी रिलीज़ के सात दिनों में 100 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर चुकी है।...

मुंबई। जनवरी से मार्च तक, साल 2019 की पहली तिमाही बॉलीवुड के लिए अच्छी रही है। इस अवधि में वैसे तो 30 से ज़्यादा फ़िल्में रिलीज़ हुईं, मगर उनमें से 13 ऐसी हैं, जो स्टार कास्ट या बजट के हिसाब से चर्चा में थीं। इन 13 में से 4 फ़िल्में सुपरहिट रही हैं। तीन फ़िल्मों ने 100 करोड़ और एक ने 200 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया है। कुल मिलाकर इन 13 फ़िल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस पर लगभग ₹1000 करोड़ का कलेक्शन किया है। 

2019 की शुरुआत 11 जनवरी को रिलीज़ हुईं द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर और उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक से हुई। द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर ने 25 करोड़ की राशि जमा की और नुक़सान में रही, मगर इसके साथ आयी उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक ने तो कमाई के नये कीर्तिमान बना दिये। विक्की कौशल अभिनीत फ़िल्म ने 242 करोड़ से अधिक राशि अभी तक जमा की है। यह पहली तिमाही की सबसे कामयाब फ़िल्म बन चुकी है। 18 जनवरी को इमरान हाशमी की व्हाय चीट इंडिया रिलीज़ हुई, मगर एजुकेशन सिस्टम पर तंज कसने वाली यह फ़िल्म दर्शकों को नहीं जंची और महज़ 7.80 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप हो गयी।

25 जनवरी को बाला साहेब ठाकरे की बायोपिक फ़िल्म ठाकरे रिलीज़ हुई। नवाज़उद्दीन सिद्दीकी ने फ़िल्म में ठाकरे का रोल निभाया, मगर यह फ़िल्म बाल ठाकरे की लोकप्रियता के मुक़ाबले कमज़ोर साबित हुई और 31.60 करोड़ का कलेक्शन करके औसत रही। इसके साथ कंगना रनौत की मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी आयी, जिसने 95 करोड़ का कलेक्शन किया और बजट अधिक होने की वजह से फ़िल्म घाटे में रही। 

फरवरी की शुरुआत अनिल कपूर और सोनम कपूर की फ़िल्म एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा से हुई, जो 20.01 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप रही। 8 फरवरी को हॉरर फ़िल्म अमावस आयी, जिसमें नर्गिस फ़ाख़री और सचिन जोशी ने लीड रोल्स निभाये। यह फ़िल्म 2.85 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप हो गयी। 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे पर रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की गली बॉय रिलीज़ हुई, जिसके साथ बॉक्स ऑफ़िस की मुस्कान लौटी। फ़िल्म लगभग 140 करोड़ का कलेक्शन करके सुपरहिट घोषित की गयी। 22 फरवरी को टोटल धमाल आयी, जिसमें अजय देवगन, अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित, रितेश देशमुख, जावेद जाफ़री ने लीड रोल्स निभाये। यह कॉमेडी फ़िल्म 150 करोड़ से अधिक करके फ़ायदे में रही। हालांकि हिट नहीं हो सकी। 

साल की पहली तिमाही के आखिरी महीने मार्च का खाता सुशांत सिंह राजपूत की सोनचिड़िया और कार्तिक आर्यन की लुकाछुपी से खुला। सोनचिड़िया 6.60 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप रही, वहीं लुकाछुपी 90 करोड़ से अधिक कलेक्शन करके सुपरहिट घोषित की जा चुकी है। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौक़े पर बदला आयी, जिसमें अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू ने मुख्य किरदार निभाये थे। यह फ़िल्म 76 करोड़ से अधिक जमा करके सुपरहिट बतायी जा रही है। 

15 मार्च को हामिद, फोटोग्राफ, मिलन टॉकीज़ और मेरे प्यारे प्रधानमंत्री रिलीज़ हुईं, मगर इनमें से एक भी सम्मानजनक रकम बॉक्स ऑफ़िस पर हासिल नहीं कर सकी। यह सभी फ़िल्में 1-4 करोड़ के बीच सिमट गयीं। 21 मार्च को अक्षय कुमार की केसरी आयी, जिसने एक बार फिर बॉक्स ऑफ़िस को गर्माहट दी। केसरी रिलीज़ के सात दिनों में 100 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर चुकी है और अभी भी मज़बूती के साथ चल रही है। 29 मार्च को 4 फ़िल्में रिलीज़ हो रही हैं- राम की जन्मभूमि, गॉनकेश, जंगली और नोटबुक। इनमें से जंगली और नोटबुक से कुछ उम्मीद है। नोटबुक से वेटरन एक्ट्रेस नूतन की पोती प्रनूतन बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। उनके साथ ज़हीर इक़बाल हैं, जो डेब्यूटेंट हैं। सलमान ख़ान ने इस फ़िल्म का निर्माण किया है। वहीं, जंगली में विद्युत जाम्वाल लीड रोल में हैं।

अगर 2018 की पहली तिमाही से तुलना करें तो 2019 थोड़ा सा बेहतर है। पिछले साल इस अवधि में रिलीज़ हुई चर्चित फ़िल्मों ने लगभग 900 करोड़ का कलेक्शन बॉक्स ऑफ़िस पर किया था, जिसमें से 300 करोड़ रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर की फ़िल्म पद्मावत ने ही कांट्रिब्यूट किये थे। 

हॉलीवुड फ़िल्म कैप्टन मार्वल का जलवा

पहली तिमाही में कुछ हॉलीवुड फ़िल्में भी आयीं, मगर इनमें सिर्फ़ कैप्टन मार्वल ने ही असर छोड़ा। यह फ़िल्म 81.50 करोड़ का कलेक्शन करके सुपरहिट घोषित की जा चुकी है। 

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.