
Rga news
शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने उत्तर प्रदेश की चार और सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए हैैं।...
लखनऊ:-शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने उत्तर प्रदेश की चार और सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए हैैं। पार्टी ने फूलपुर से प्रिया सिंह को प्रत्याशी बनाया है। प्रिया सिंह कांग्रेस के गांधी परिवार से रिश्तों का दावा करके पिछले दिनों चर्चा में आई थीं। प्रसपा ने झांसी से जगत विक्रम सिंह राजपूत, हमीरपुर से अरविंद कुमार प्रजापति और इलाहाबाद से भाजपा प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी के खिलाफ अभिमन्यु सिंह पटेल एडवोकेट को टिकट दिया है।
दो दिन पहले शिवपाल ने पूर्व दस्यु सम्राट मलखान सिंह को धौरहरा से प्रत्याशी बनाया था। मलखान सिंह ने लखनऊ स्थित प्रसपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह से मुलाकात की थी। इसी के बाद शिवपाल की पार्टी से मलखान के चुनाव में उतरने के कयास लगाए जा रहे थे। यह भी लगभग तय हो गया था कि मलखान को धौरहरा से प्रत्याशी बनाया जाएगा। इसकी शनिवार को औपचारिक घोषणा कर दी गई।