![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
इलाहाबाद समाचार सेवा
इलाहाबाद : सरकार के खिलाफ सपाइयों ने बिगुल फूंक दिया है। रोज कहीं न कहीं सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम आवास का घेराव कर रहे सपाइयों पर पुलिस और आरएएफ के जवानों ने लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। दोनों पक्षों में जमकर झड़प हुई। लाठीचार्ज में दो महिलाओं समेत सात युवा कार्यकर्ता जख्मी हुए। विरोध प्रदर्शन के दौरान एक मजिस्ट्रेट से धक्कामुक्की के बाद पुलिस ने सपाइयों पर लाठी चलाई। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष संदीप यादव की अगुवाई में बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे सैकड़ों कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम आवास के गेट पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो नोकझोंक शुरू हो गई। मजिस्ट्रेट और सपाइयों में धक्कामुक्की हो गई। इस पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। काफी संख्या में कार्यकर्ता दोबारा डीएम आवास के गेट के सामने धरने पर बैठ गए और आइपीएस सुकीर्ति माधव पर कार्रवाई की मांग करने लगे। हंगामे की खबर पाकर एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी सिद्धार्थ शंकर, एडीएम सप्लाई अमरपाल सिंह, एसडीएम सदर आयुष चौधरी और सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार कनौजिया, सीओ आलोक मिश्र फोर्स के साथ पहुंच गए। एसएसपी ने आंदोलनरत कार्यकर्ताओं से दो बार वार्ता की, मगर वे मानने को तैयार नहीं थे। लाठीचार्ज के लिए प्रशिक्षु आइपीएस सुकीर्ति माधव के निलंबन की मांग करने लगे। लगभग एक घंटे बाद पुलिस उन्हें जबरन उठाकर पुलिस लाइन ले गई। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं में संदीप यादव, सबिहा मोहानी, आशुतोष तिवारी, रक्षामंत्री यादव, ऋषभ सिंह यादव, अवधेश यादव, भोपेन्द्र सिंह बागी, ऋषभ यादव लल्ला, यादवेंद्र सिंह, अरुण यादव, अविनाश विद्यार्थी, रश्मि सिंह, नेहा यादव, अभिषेक पांडेय, मुन्ना पाल, श्याम अचल यादव, बब्लू रावत, विजय यादव, राजवीर यादव, धीरेंद्र सोनकर, सौरभ देव, विजय कांत, शशाक सोनकर, सौरभ यादव, शैलेश यादव, सागर निषाद, शैलेंद्र सिंह, मुसीर अहमद, राजेश यादव, दीपेश कुशवाहा उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया।