Loksabha Election 2019 : CM योगी ने कहा- गठबंधन और कांग्रेस 'हरा वायरस' के शिकार

Praveen Upadhayay's picture

Rga news

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चांद-सितारे वाला हरा झंडा मुस्लिम लीग और यह हरा वायरस इस देश के विभाजन का कारण बने थे। इस वायरस का शिकार कांग्रेस सपा-बसपा गठबंधन और पूरा विपक्ष है।...

लखनऊ-: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि चांद-सितारे वाला हरा झंडा, मुस्लिम लीग और यह हरा वायरस इस देश के विभाजन का कारण बने थे। इस वायरस का शिकार कांग्रेस, सपा-बसपा गठबंधन और पूरा विपक्ष है, यह जानते हुए भी कि यह वायरस भारत की एकता और अखंडता के लिए खतरनाक है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में तो कांग्रेस का हाथ और देशद्रोहियों का साथ साफ दिख रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस का उस मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन है जो देश के विभाजन का कारण बना। केरल की एक लोकसभा सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नामांकन के दिन रोड शो में भी यह वायरस दिखा।

करीब डेढ़ दर्जन भाजपा सांसदों के टिकट कटने से उत्पन्न चुनौतियों पर योगी ने कहा कि भाजपा में सब कुछ शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। यह संगठन की प्रक्रिया का हिस्सा है। उमा भारती और कलराज मिश्र समेत कई लोगों ने खुद ही चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया। ऐसे लोगों की सेवा अन्यत्र ली जाएगी। कुछ टिकट एंटी इन्कम्बेंसी के चलते भी कटे। योगी ने कहा कि गोरखपुर-देवरिया समेत सभी बची सीटों पर एक-दो दिन में उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे।

योगी ने दावा किया कि पहले और दूसरे चरण की सभी सीटें भाजपा जीतेगी। रालोद मुखिया अजित सिंह पर योगी खूब बरसे। उन्होंने कहा कि अजित सिंह और जयंत चौधरी दोनों हारेंगे, क्योंकि हर व्यक्ति जानता कि चुनाव जीतने के बाद 'बाप-पूत' पांच वर्ष तक दर्शन नहीं देंगे। मुजफ्फरनगर दंगे में दोनों जाट लड़के मारे गए, तब अजित सिंह कहां थे। बागपत में छह बार जीते लेकिन, विकास डॉ. सत्यपाल सिंह के सांसद बनने के बाद हुआ। चौधरी चरण सिंह की विरासत को सबसे ज्यादा आहत अजित सिंह और जयंत ने किया है।

योगी ने सपा-बसपा शासन में बदहाली, खराब कानून-व्यवस्था और किसानों की उपेक्षा जैसे तमाम मुद्दे उदाहरण सहित गिनाए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर देश के बंटवारे के खिलाफ थे लेकिन, योगेंद्र नाथ मंडल ने देश के विभाजन का समर्थन किया और पाकिस्तान में गए। डॉ. आंबेडकर भारत के कानून मंत्री बने और योगेंद्र नाथ मंडल पाकिस्तान के कानून मंत्री बने। जब पाकिस्तान में दस हजार दलितों का एक साथ जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और बहू-बेटियों से अत्याचार हुआ तो योगेंद्र नाथ मंडल ने विरोध किया लेकिन, उनकी एक न सुनी गई और उन्हें जान बचाकर भारत भागना पड़ा। उन्होंने पश्चिम बंगाल में 18 साल गुमनामी का जीवन बिताया।

योगी ने कहा कि जो गलती योगेंद्र नाथ मंडल ने की, वही मायावती दोहरा रही हैं। कांशीराम का नाम बदलने वालों के मंच पर जाकर मायावती ने दलितों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि मायावती ने सहारनपुर में जो कहा उससे ज्यादा दलितों का अपमान नहीं हो सकता।

योगी ने मोदी सरकार की योजनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि विकास प्रभावी मुद्दा है और मोदी सरकार को लेकर कहीं कोई एंटी इन्कम्बेंसी नहीं है। प्रियंका गांधी के रोड शो के सवाल पर योगी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में 55 वर्षों में जितना कार्य हुआ उससे ज्यादा 55 माह में मोदी सरकार ने किया। उपलब्धियों के बल पर भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी। मोदी भारत को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में लगे हैं और इसके लिए पांच वर्ष का और समय चाहिए। भाजपा के घोषणा पत्र में विकास की दृष्टि और भारत का भविष्य दिख रहा है।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.