
Rga news
आगरा में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि राष्ट्र में नए आगाज और बदलाव का माहौल। कांग्रेस ने देश को आगे बढ़ाया।...
आगरा:-शुक्रवार को आगरा आए कांग्रेस के महासचिव और पश्चिमी उप्र के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उप्र ही नहीं, राष्ट्र में नए आगाज और बदलाव का माहौल है। कांग्रेस का हाथ का पंजा जनता के बीच जाकर और उसका विश्वास जीतकर राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में सरकार बनाकर बदलाव लाने का काम करेगा। जुमलों की सरकार विदा होगी।
सिंधिया शुक्रवार को आगरा में रोड शो करने आए थे। चौकीदार पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग पर उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है। चौकीदार की चौकीदारी के समय मेहुल चौकसी, नीरव मोदी जैसे कई लोग बैंकों का पैसा लेकर भाग गए। अब समय है कि जनता सवाल करेगी और मोदी जी को जवाब देने होंगे। मध्य प्रदेश में इनकम टैक्स के छापों पर सिंधिया ने कहा कि भाजपा की एक ही सोच किसान, एससी, आदिवासी, विपक्ष मुक्त भारत बनाने की है। जनता इस बार कांग्रेस की जनप्रिय सरकार बनाएगी। कांग्रेस जो कहती है, वो करके दिखाती है। मनरेगा और सूचना का अधिकार हमने लागू किया। हमारी सोच देश को बचाने और भाजपा की तोडऩे की है।
भाजपा सरकार पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पांच वर्षों में वो किया, जो देश में 70 वर्षों में नहीं हुआ। महंगाई व भ्रष्टाचार ने नई ऊंचाई छुई। आंतरिक सुरक्षा फेल हुई। देश पर कलंक लगा है। आज असहिष्णुता का माहौल है। किसान और बेरोजगार परेशान हैं। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन युवा पकौड़े और पान की दुकान खोलने पर मजबूर हैं। मोदीजी तूफान आ रहा है, देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। सिंधिया ने कहा कि भाजपा एक ही लक्ष्य को आगे रखकर चल रही है। वो सत्ता की भूखी है। सत्ता व कुर्सी के लिए कुछ भी नीलाम करने को तैयार है। कांग्रेस ने हमेशा उसूलों, मूल्यों व सिद्धांतों की राजनीति कर जनता की सेवा की और देश को आगे बढ़ाया। कांग्रेस के मेनीफेस्टो में राष्ट्रद्रोह की धारा हटाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का बचाव किया जाएगा। देश व समाज पर टिप्पणी करने वालों पर कार्यवाही होगी।
गब्बर सिंह टैक्स से मुश्किल किया व्यापार
सिंधिया ने रोड शो के दौरान फव्वारा चौक पर जीएसटी और नोटबन्दी का जिक्र कर व्यापारियों को साधने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नोटबंदी कर व्यापार पर अंकुश लगाने की कोशिश की। गब्बर सिंह टैक्स लागू कर व्यापार मुश्किल कर दिया। मोदी सरकार को अब बोरिया बिस्तर बांधकर भागना होगा।