मुकेश अंबानी को भाया यह कांग्रेस का उम्मीदवार, मुंबई दक्षिण के लिए बताया सबसे मुफीद

Praveen Upadhayay's picture

Rga news

लोकसभा चुनाव में अनिल अंबानी कांग्रेस के निशाने पर हैं तो वहीं मुकेश अंबानी ने मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट के लिए एक ऐसे शख्‍स को मुफीद बताया है जो कांग्रेस का उम्‍मीदवार है......

मुंबई:-लोकसभा चुनाव में एक भाई कांग्रेस के निशाने पर है तो वहीं दूसरा भाई कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन कर रहा है। हम बात कर रहे हैं देश के सबसे अमीर शख्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके छोटे भाई अनिल अंबानी की। मुकेश अंबानी और बैंकर उदय कोटक ने मुंबई दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी मिलिंद देवड़ा का समर्थन किया है। बता दें कि यहां 29 अप्रैल को मतदान होना है।

मुकेश अंबानी द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन करना इसलिए हैरान कर रहा है क्योंकि उनके छोटे भाई उद्योगपति अनिल अंबानी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर हैं। राहुल राफेल सौदे में अनिल पर सीधे-सीधे आरोप लगाते हैं। उनके जरिये वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी घेराबंदी करते हैं। राहुल लगातार यह आरोप लगा रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने राफेल सौदे में 30 हजार करोड़ रुपये अनिल अंबानी को दे दिए।

कांग्रेसी नेता मिलिंद देवड़ा ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी उनका प्रचार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मुकेश अंबानी कहते हैं, 'मिलिंद साउथ मुंबई के लिए सबसे सही शख्स है... मिलिंद को बांबे संसदीय सीट के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक ताने-बाने की गहरी समझ है।'

मिलिंद देवड़ा ने समर्थन के लिए मुकेश अंबानी और उदय कोटक के साथ ही सभी वर्गों का आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। देवड़ा यहां से दो बार सांसद रहे हैं। देवड़ा का मुकाबला शिव सेना के अरविंद सावंत से है। 2014 के चुनाव में सावंत ने देवड़ा को एक लाख से अधिक वोटों से हराया था। 

 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.