RGA News
आगरा:- मौसम का मिजाज लगातार गर्म होने लगा है। आसमान में सूर्य देव प्रचंडता के साथ अपने तेवर दिखाने लगे हैं तो गर्म हवाओं के थपेड़े थप्पड़ की तरह पड़ने लगे हैं। 30 डिग्री तक तापमान पहुंचने के बाद दोबारा बढ़ने लगा है। सुबह तेज धूप निकलने के बाद दोपहर में गर्म हवाएं चलने लगी। गर्मी से लोग परेशान हैं, एसी और कूलर चलाने पड़ रहे हैं। मौसम के इस गर्म होते रुख के लिए शरीर को भी तैयार रखना भी जरूरी है। विशेषकर सुबह का नाश्ता ऐसा हो जो मौसम का दुष्प्रभाव शरीर पर पड़ने ही न दे।
जी हां, दिन का पहला आहार यदि दुरुस्त है तो शरीर तंदरुस्त रहेगा ही। इस सोच पर चिकित्सक भी मुहर लगाते हैं लेकिन हर मौसम में थाली में अलग स्वाद होना भी जरूरी है। जैसे मौसमी सब्जियां, फल इत्यादि होते हैं उसी तरह से मौसम नाश्ता या भोजन भी होना ही चाहिए।
भूख न लगना, ज्यादा पसीना आना और सन स्ट्रोक। कुछ ऐसी परेशानियां गर्मियां आते ही लोगों को घेर लेती हैं। ऐसे में खानपान का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। कभी गर्मी की वजह से कुछ खाने को भी मन नहीं करता है। खाने की कुछ चीजें हमारे शरीर में गर्मी को और बढ़ा देती हैं, जिससे गर्मी असहनीय हो जाती है। इस तरह की स्थिति में ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए, जो शरीर को ठंडा रखें और सेहत भी अच्छी बनी रहे। डाइटीशियन पायल सेठ बताती हैं कि गर्मी में ऐसा खाना लेना चाहिए, जिनसे पानी की कमी न हो। इसके लिए अपनी डाइट में कुछ खास चीजें शामिल करे।
सीने की जलन कम करेंगे फल
गर्मियों में आने वाले मौसमी फलों का ज्यादा से ज्यादा मात्र में सेवन करना चाहिए। गर्मी में कई ऐसे फल आते हैं, जो पानी की मात्र को कम नहीं होने देते। इनमें न्यूटियंस भरपूर होता है। तरबूज में 90 फीसद पानी होता है। इसके अलावा सोडियम, पोटेशियम और विटामिन बी मौजूद होता है। सेब, संतरा, मौसमी आदि फल विटामिन सी से भरपूर होते हैं। आम, केला शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं। खीरा और ककड़ी भी खाएं। इनसे तैलीय त्वचा ठीक होती है। गैस, एसिडिटी, सीने में जलन की समस्या भी खत्म होती है।
चक्कर आएं तो खाएं केला
केला हर महीने आने वाला फल हैं। इसको आप गर्मियों में भी ले सकते हैं। गर्मी में अगर आपको चक्कर आते हैं, तो आप एनर्जी के लिए केला खा सकते हैं। इंस्टेंट एनर्जी के लिए केला बेहद लाभकारी होता है। प्रतिदिन एक से दो केले लिए जा सकते हैं।
आलस से बचने को खाएं हल्का खाना
गर्मियों में हल्का खाना खाएं, जिससे आलस नहीं आएगा। गर्मी में मीट, ऑयली और जंक फूड, मसालेदार भोजन से परहेज करें। सुबह के नाश्ते में परांठा न खाएं। उसकी जगह पोहा, ढोकला, इडली, उपमा आदि लें। दोपहर के खाने में मौसमी सब्जियों के साथ मूंग की दाल और चपाती ले सकते हैं। साथ ही प्लेट भरकर सलाद लें। लौकी, पत्ता गोभी, तोरई के अलावा मौसमी सब्जी ज्यादा लें।
बच्चों को दें ग्लूकोज
गर्मियों में शरीर में पानी की मात्र कम न होने दें। रोजाना 8 से 10 गिलास पानी पीएं। वहीं खुद को स्वस्थ रखने और शरीर में ग्लूकोज की कमी को पूरा करने के लिए रोजाना मौसमी फलों का जूस पीएं। वहीं बच्चों को खासकर समय-समय पर ग्लूकोज देते रहें। इसके अलावा छाछ, नींबू पानी, नारियल पानी और आम पना का सेवन भी करें। सत्तू का शरबत लें। गर्मी में दही तो अमृत के समान है। इसमें धनिया, जीरा पाउडर, नमक को मिलाकर खाएं।
विशेषज्ञ की राय
गर्मियां में बाहर का खाना न खाएं, ज्यादा मिर्च मसाले का इस्तेमाल न करें। तरल पदार्थ अधिक लें।
डॉ. मृदुल चतुर्वेदी, फिजीशियन, एसएन मेडिकल कॉलेज