
RGA News
बस्ती : सामान्य चुनाव प्रेक्षक चंद्रशेखर के निर्देशन में शुक्रवार को अटल प्रेक्षागृह में जोनल, सेक्टर और पीठासीन अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डा. राजशेखर ने किया। इस दौरान चुनाव कार्य में लगाए गए अधिकारियों को उनके दायित्व की जानकारी दी गई। प्रेक्षक ने कहा कि प्रशिक्षण से व्यक्ति परिपक्व बनता है। संबंधित कार्य के प्रति स्पष्टता रहती है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। तीन दिनों के भ्रमण में यहां की तैयारियां संतोषजनक पाई गई हैं। शांतिपूर्ण एवं सकुशल मतदान कराने के लिए यहां के लोग वचनबद्ध हैं। डीएम ने कहा, लोकसभा क्षेत्र में 19 जोनल, 127 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 2316 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। एक सेक्टर में लगभग 14 से 15 के मतदेय स्थल हैं। उन्होंने 30 अप्रैल तक सभी अधिकारियों से भ्रमण करने को कहा। मतदेय स्थलों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, रैंप निर्माण, फर्नीचर आदि की व्यवस्था जांची जाए। 1 से 5 मई के बाद मंडी परिषद में ईवीएम सेटिग का कार्य होगा। इसमें उम्मीदवारों का नाम सेट किया जाएगा। मतदान के पूर्व अनिवार्य रूप से मांकपोल कराए जाएंगे। अभिकर्ताओं के सामने पारदर्शिता के साथ ईवीएम सील किए जाएंगे। सभी से मतदान फीसद बढ़ाने में योगदान करने को कहा गया। सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, एडीएम रमेशचंद्र, मुख्य कोषाधिकारी गोपाल खरे मौजूद रहे।