RGA News
Lok Sabha Election 2019 हिमाचल में स्टार प्रचारकों को लेकर नया विवाद शुरू 40 स्टार प्रचारकों की सूची में पांच अध्यक्षों को नहीं मिली जगह। ..
मंडी:- प्रदेश अध्यक्ष बदलने के बावजूद कांग्रेस गुटबाजी की खाई को पाटती नजर नहीं आ रही। किसी न किसी वजह से लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। अब लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की जारी सूची पर विवाद शुरू हुआ है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से घोषित 40 स्टार प्रचारकों की सूची में सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत पांच अध्यक्षों को जगह नहीं मिली है। फजीहत के बाद डैमेज कंट्रोल के लिए प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पांच पूर्व अध्यक्षों को स्टार प्रचारकों में शामिल किया है।
प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्षों कौल सिंह ठाकुर, कुलदीप कुमार, सुखाविंदर सिंह सुक्खू, विद्या स्टोक्स व विप्लव ठाकुर का नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एआइसीसी को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल करने के लिए भेजा था। एआइसीसी की तरफ से 29 अप्रैल को जारी सूची में पांचों पूर्व प्रदेशाध्यक्षों का नाम गायब दिखे। हाईकमान ने इन पांचों नेताओं को स्टार प्रचारक मानने से मना कर दिया है। शिमला ग्रामीण के विधायक व युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह (वीरभद्र के पुत्र) को भी स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं रखा गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हाल ही में घर वापसी करने वाले सुखराम को स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है।
इस फैसले की आलोचना के बाद मंगलवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पांचों नेताओं को सूची में शामिल करने के निर्देश जारी कर दिए। कहा गया कि ये नेता अभी प्रचार का जिम्मा संभाले हुए हैं, अब ये भी स्टार प्रचारक होंगे।
अब 45 स्टार प्रचारक
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने हिमाचल के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। अब पांच पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के शामिल होने से स्टार प्रचारकों की संख्या 45 हो गई है।
उर्मिला, शत्रु नहीं आएंगे
प्रदेश कांग्रेस ने हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर व शत्रुघ्न सिन्हा की प्रचार के लिए मांग की थी। कांग्रेस आलाकमान ने इस मांग को पूरा नहीं किया है।