![Raj Bahadur's picture Raj Bahadur's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-13-1546707786.jpg?itok=_bTDIAhC)
RGA News
बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के कतर्निया रेंज से सटे जमुनिहां गांव में दो किशोरियां शनिवार रात खेत में शौच के लिए गई थीं, तभी जंगल से निकला तेंदुआ एक किशोरी को दबोच कर जंगल में भाग गया। यह देख दूसरी लड़की जान बचाकर शोर मचाती हुई गांव की ओर दौड़ी।
घटना की सूचना पाकर सुजौली के एसएचओ अफसर परवेज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किशोरी का कोई सुराग नहीं लगा सका है।
सुजौली थाने के कतर्निया रेंज में जंगल से सटे जमुनिहां गांव में शनिवार की रात लगभग आठ बजे 17 वर्षीय चमेली पुत्री अनूप बंजारा व 13 वर्षीय सोनावती पुत्री झुर्रा गांव के बाहर खेत में शौच को गई थीं। इसी दौरान चमेली ने शोर मचाया कि भागो तेंदुआ आ गया। सोनावती खेत से शोर मचाती हुई गांव की ओर भागी। शोर सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, लेकिन चमेली का कोई पता नहीं चल सका। उसका दुपट्टा झाड़ियों में मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ चमेली को दबोच कर जंगल में ले गया है। इसकी जानकारी पुलिस व वन महकमे को दी गई। एसएचओ अफसर परवेज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जंगल से सटे इलाके में लापता चमेली की तलाश की गई, किन्तु उसका कोई भी सुराग नहीं लगा। रात होने के कारण जंगल में जाने से लोग कतरा रहे हैं।
एसएचओ अफसर परवेज ने बताया कि किशोरी के परिजनों ने बताया कि तेंदुए का शिकार बनी किशोरी की मई के पहले सप्ताह में ही शादी होनी है। उसके परिजनों में कोहराम मचा है।