![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
(मुख्यमंत्री आवास के पास उन्नाव की एक किशोरी के आत्मदाह के प्रयास पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य सरकार को घेरा)
लखनऊ ब्यूरो चीफ रामजी यादव
लखनऊ मुख्यमंत्री आवास के पास उन्नाव की एक किशोरी के आत्मदाह के प्रयास पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों का मान-सम्मान और इज्जत खतरे में है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज है। महिलाएं और बच्चियां दिन में भी सुरक्षित नहीं हैं। दुष्कर्मी खुलेआम घूमकर पीडि़त परिवारों को धमकाते हैं। पुलिस, जिस पर कानून व्यवस्था संभालने का दायित्व है, खुद दबंगों की साथी बन जाती है।
उन्नाव में महिला सम्मान का मामला
अखिलेश ने कहा कि उन्नाव जिले की सामूहिक दुष्कर्म पीडि़ता की मुख्यमंत्री के दरबार में जब सुनवाई नहीं हुई, तब उसे लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के पास थाने पर सपरिवार न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठना पड़ गया। इस कांड में भाजपा विधायक के भाई की संलिप्तता भी सामने आई है। पीडि़ता के परिवारीजन, पिता तथा चाचा को फर्जी केस में फंसाया गया। भाजपा राज में महिलाओं का मान-सम्मान खतरे में है।
फर्रुखाबाद में फर्जी मुठभेड़ का मामला
अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री का दावा कि एनकाउंटर कहीं फर्जी नहीं हो रहे हैं, वही फर्रुखाबाद में फर्जी मुठभेड़ में 13 पुलिस कर्मियों पर मुकदमे दर्ज हुए। राज्य सरकार की कानून पालन में ढिलाई से प्रदेश में अराजकता बढ़ रही है। हत्या, लूट, अपहरण और दुष्कर्म की घटनाओं में भाजपा राज में वर्ष प्रतिवर्ष वृद्धि हो रही है। भाजपा का यह डरावना चेहरा है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को अपने संवैधानिक दायित्व का निर्वाह करते हुए बच्चियों के साथ दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं का संज्ञान लेना चाहिए।